मध्य प्रदेश: व्यवसायी के परिसरों पर आयकर विभाग के छापे में आठ करोड़ रुपए, तीन किलो सोना बरामद

मध्य प्रदेश: व्यवसायी के परिसरों पर आयकर विभाग के छापे में आठ करोड़ रुपए, तीन किलो सोना बरामद

मध्य प्रदेश: व्यवसायी के परिसरों पर आयकर विभाग के छापे में आठ करोड़ रुपए, तीन किलो सोना बरामद
Modified Date: November 29, 2022 / 08:15 pm IST
Published Date: January 7, 2022 2:12 pm IST

दमोह (मप्र), सात जनवरी (भाषा) आयकर विभाग ने मध्य प्रदेश के दमोह जिले में व्यवसायी शंकर राय और उनके भाइयों के परिसरों पर छापेमारी में आठ करोड़ रुपए नकद, तीन किलोग्राम सोना और संपत्ति के दस्तावेज बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

आयकर विभाग (जांच) जबलपुर क्षेत्र की संयुक्त आयुक्त मुनमुन शर्मा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि बृहस्पतिवार तड़के शुरू हुई छापेमारी अब भी जारी है। अब तक आठ करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इनमें से एक करोड़ रुपये पानी के एक कंटेनर में छिपाकर रखे गए थे। इसके अलावा तीन किलोग्राम वजन का सोना भी बरामद किया गया है।

शर्मा ने बताया कि आयकर अधिकारियों को राय बंधुओं की संपत्ति से संबंधित कई दस्तावेज मिले हैं। उन्होंने कहा कि तलाशी के दौरान मिले कागजात से पता चला है कि राय को शराब की दुकानों का ठेका मिला था और वह अपने कर्मचारियों के नाम से लग्जरी बसें चला रहा था। शर्मा ने कहा कि आयकर विभाग ने शंकर राय और उनके भाइयों की संपत्ति के बारे में जानकारी देने वाले को दस हजार रुपये का नकद इनाम देने की भी घोषणा की है।

अधिकारियों ने कहा कि आयकर विभाग के कर्मचारियों और इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर के पुलिसकर्मियों सहित लगभग 200 कर्मी व्यवसायी और उसके भाइयों कमल राय, राजू राय और संजय राय के विभिन्न परिसरों की तलाशी ले रहे हैं। सूत्रों के अनुसार राय परिवार शराब, परिवहन और पेट्रोल पंप का कारोबार करता है।

भाषा सं दिमो मनीषा सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में