मप्र : हेलिकॉप्टर के बजाय मिनी बस में सवार हुए मुख्यमंत्री, मितव्ययिता पर जोर

मप्र : हेलिकॉप्टर के बजाय मिनी बस में सवार हुए मुख्यमंत्री, मितव्ययिता पर जोर

मप्र : हेलिकॉप्टर के बजाय मिनी बस में सवार हुए मुख्यमंत्री, मितव्ययिता पर जोर
Modified Date: May 28, 2026 / 09:15 pm IST
Published Date: May 28, 2026 9:15 pm IST

इंदौर, 28 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मितव्ययिता के संदेश का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को हेलिकॉप्टर के बजाय मिनी बस के जरिये इंदौर से अपने गृहनगर उज्जैन तक यात्रा की।

उज्जैन, इंदौर से करीब 50 किलोमीटर दूर है।

सरकारी अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री आमतौर पर इंदौर से हेलिकॉप्टर के जरिये उज्जैन जाते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ मिनी बस में सफर किया।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री के काफिले में केवल तीन अन्य वाहन साथ रहे।

यादव ने संवाददाताओं से कहा,‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने हमें मितव्ययिता का संदेश दिया है। लिहाजा मैंने मिनी बस के जरिये इंदौर से उज्जैन की यात्रा की।’’

उन्होंने पश्चिम एशिया संकट की ओर इशारा करते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात के मद्देनजर सभी संसाधनों का मितव्ययिता से उपयोग किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने इंदौर और प्रदेश के अन्य हिस्सों में जल संकट के बीच यह भी कहा कि जल स्त्रोतों के अंधाधुंध दोहन से भू-जल स्तर में कमी आई है और राज्य सरकार इस चुनौती से निपटने के लिए ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ संचालित कर रही है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत कुओं, बावड़ियों, नदियों और तालाबों सरीखे दो लाख से ज्यादा जल स्त्रोतों के संरक्षण के लिए 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का प्रावधान किया गया है।

यादव ने कहा कि 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही प्रदेश सरकार ने मौजूदा सत्र के दौरान किसानों से देश भर में सर्वाधिक गेहूं खरीदा है और इसमें लघु और सीमांत कृषकों को प्राथमिकता दी गई है।

भाषा

हर्ष रवि कांत


लेखक के बारे में