मप्र:सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन,कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प

Ads

मप्र:सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन,कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 05:49 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 05:49 PM IST

भोपाल, 28 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश में मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश की और इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प हो गई। प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड पार करने से रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार की। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बाद में दावा किया कि इस दौरान एक महिला समेत पार्टी के तीन कार्यकर्ता घायल हो गए।

प्रदर्शन के दौरान कुमार का मुखौटा लगाए और ‘जंजीरों से बंधे’ एक कार्यकर्ता को मौके पर लाया गया।

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को उसकी जंजीर पकड़े देखा गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुमार का मुखौटा लगाए उक्त कार्यकर्ता को प्रतीकात्मक रूप से हथकड़ी भी लगाई।

कांग्रेस और कई अन्य दलों ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की हालिया रिपोर्ट के बाद कुमार के इस्तीफे की मांग की है।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दो निर्वाचन आयुक्तों ने 10 महीने में कम से कम 14 बार एसआईआर प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग के तरीके पर औपचारिक आपत्ति जताई थी।

निर्वाचन आयोग ने एक बयान में स्पष्ट किया कि एसआईआर सहित मतदाता सूचियों से जुड़े विषयों पर तीन सदस्यीय आयोग ने सर्वसम्मति से फैसले लिए।

पटवारी और सिंघार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन कार्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर लगाए गए बैरिकेड पर चढ़कर उसे पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस के साथ उनका टकराव हुआ।

कांग्रेस कार्यकर्ता लिंक रोड स्थित पार्टी कार्यालय से बसों में सवार होकर निर्वाचन कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। उन्हें बोर्ड ऑफिस चौराहे के पास बैरिकेड पर रोक दिया गया, जहां उन्होंने नारेबाजी की और पुलिस घेरा पार करने की कोशिश की।

प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड को धकेलकर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने पानी की बौछार की।

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया समन्वयक अभिनव बरोलिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पानी की बौछार किए जाने के दौरान बैरिकेड से उतरते समय हमारे तीन कार्यकर्ता, जिनमें एक महिला भी शामिल है, घायल हो गए।’’

पत्रकारों से बातचीत में पटवारी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी क्रमशः मध्यप्रदेश और केंद्र में ‘वोट चोरी’ के जरिए सत्ता में आए हैं।

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस मंगलवार को मध्यप्रदेश के सभी जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी और कुमार के इस्तीफे तथा उनके खिलाफ ‘‘देशद्रोह’’ का मामला दर्ज होने तक आंदोलन जारी रखेगी।

भाषा

दिमो रवि कांत संतोष

संतोष