मप्र में तीन खड़ी बसों को ट्रक ने मारी टक्कर, मृतक संख्या बढ़कर 14 हुई, 60 घायल
मप्र में तीन खड़ी बसों को ट्रक ने मारी टक्कर, मृतक संख्या बढ़कर 14 हुई, 60 घायल
(तस्वीर के साथ)
भोपाल, 25 फरवरी (भाषा) मध्य प्रदेश में रीवा और सतना जिलों की सीमा पर शुक्रवार रात को एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी तीन बसों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मृतक संख्या बढ़कर 14 हो गई है, वहीं इसमें कम से कम 60 अन्य घायल भी हुए है। अधिकारियों ने यह जानकारी शनिवार को दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि हादसा शुक्रवार रात करीब नौ बजे बरखड़ा गांव के पास सुरंग के बाहर हुआ और बसों में सवार लोग सतना शहर में ‘कोल महाकुंभ’ से लौट रहे थे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शबरी माता जयंती के अवसर पर दिन में इस कार्यक्रम को संबोधित किया था।
जिस जगह पर हादसा हुआ वह भोपाल से करीब 500 किलोमीटर दूर है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ( गृह) डॉ. राजेश राजोरा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘14 लोगों की मृत्यु हो गई और 60 अन्य घायल हो गये। घायलों में तीन की हालत बेहद गंभीर है।’’
इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश के सीधी में हुई बस दुर्घटना दु:खद है। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मध्य प्रदेश सरकार सभी प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।’’
प्रधानमंत्री कार्यालय ने मोदी के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘मध्य प्रदेश में हुए हादसे में प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधान मंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जायेंगे।’’
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में घायलों से मिलने के बाद संवाददाताओं से कहा कि सीमेंट लदा ट्रक टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी तीन बसों से टकरा गया। उन्होंने कहा कि टक्कर लगने से एक बस पलट गई और दूसरी बस दूसरी तरफ पलट गई जिसके कारण यात्रियों को चोटें आईं। चौहान ने इस घटना को ‘‘बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना’’ करार दिया।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए विमान से रीवा से बाहर ले जाया जाएगा। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया।
चौहान ने यह भी कहा कि मृतक व्यक्तियों के परिजनों को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और सामान्य रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक ने बसों को पीछे से टक्कर मारी और उनमें से एक बस पलट कर खाई में जा गिरी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना रात करीब नौ बजे मोहनिया सुरंग के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बसों को इसलिए रोका गया था ताकि महाकुंभ से लौट रहे यात्रियों को खाने के पैकेट दिए जा सकें।
राजौरा ने कहा कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित सीधी और रीवा जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों बसों के सभी यात्रियों को निकाला गया।
चौहान ने अधिकारियों को घायलों के इलाज की निगरानी करने का निर्देश दिया है और उन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज और सीधी जिला अस्पताल को अलर्ट पर रखने को कहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट करके हादसे पर दुख जताया।
भाषा दिमो अमित
अमित

Facebook


