मप्र : फार्मासिस्ट के ठिकानों पर ईओडब्ल्यू के छापे, आय से दोगुनी संपत्ति मिली

मप्र : फार्मासिस्ट के ठिकानों पर ईओडब्ल्यू के छापे, आय से दोगुनी संपत्ति मिली

मप्र : फार्मासिस्ट के ठिकानों पर ईओडब्ल्यू के छापे, आय से दोगुनी संपत्ति मिली
Modified Date: August 5, 2026 / 04:15 pm IST
Published Date: August 5, 2026 4:15 pm IST

इंदौर, पांच अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश पुलिस के आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने इंदौर के एक सरकारी अस्पताल के फार्मासिस्ट से जुड़े ठिकानों पर बुधवार को छापे मारे और उसके पास वैध आय के मुकाबले लगभग दोगुनी संपत्ति होने का खुलासा किया।

ईओडब्ल्यू की ओर से जारी बयान के मुताबिक, शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवाईएच) में फार्मासिस्ट के रूप में पदस्थ राकेश गोरखे के खिलाफ शिकायत मिली थी कि उन्होंने सरकारी दवाओं के भंडार में कथित भ्रष्टाचार करके आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है।

शिकायत की जांच के बाद ईओडब्ल्यू ने गोरखे के ठिकानों पर छापे मारे।

बयान के अनुसार, सरकारी सेवा में वर्ष 2007 में भर्ती गोरखे ने अब तक अपने वेतन से कुल 1.11 करोड़ रुपये की वैध आय प्राप्त की है, जबकि उनकी चल-अचल संपत्ति का मूल्य 2.13 करोड़ रुपये है।

बयान में कहा गया है कि छापों के दौरान इंदौर में दो मंजिला मकान और चार भूखंड होने के दस्तावेज मिले हैं, जबकि एक अन्य भूखंड की खरीद के लिए 6.70 लाख रुपये का भुगतान किए जाने के बारे में भी पता चला है।

इसमें कहा गया है कि गोरखे की पत्नी वर्ष 2010 से शहर के शासकीय दंत चिकित्सालय में लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत है और दंपति के आय-व्यय की जांच की जा रही है।

ईओडब्ल्यू के एक अधिकारी ने बताया, “हमें गोरखे के पासपोर्ट से उनके अक्टूबर 2023 में थाईलैंड की यात्रा करने की जानकारी मिली है, लेकिन इस यात्रा के लिए सरकारी अनुमति का कोई रिकॉर्ड नहीं हासिल हुआ है। विदेश यात्रा पर हुए खर्च का आकलन कर उसे भी जांच में शामिल किया जाएगा।”

अधिकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान गोरखे के घर से संपत्ति के दस्तावेज, बैंक पासबुक, रजिस्ट्री की प्रतियां और 1.51 लाख रुपये नकद मिले हैं।

उन्होंने बताया कि फार्मासिस्ट के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

भाषा

हर्ष पारुल

पारुल


लेखक के बारे में