मप्र: महिला प्राचार्य की कार के सामने लेटकर प्रदर्शन, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष समेत पांच पर मामला दर्ज

मप्र: महिला प्राचार्य की कार के सामने लेटकर प्रदर्शन, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष समेत पांच पर मामला दर्ज

मप्र: महिला प्राचार्य की कार के सामने लेटकर प्रदर्शन, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष समेत पांच पर मामला दर्ज
Modified Date: September 21, 2026 / 09:30 pm IST
Published Date: September 21, 2026 9:30 pm IST

बड़वानी (मध्यप्रदेश), 21 सितंबर (भाषा) बड़वानी के शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की महिला प्राचार्य की कार के आगे लेटकर उग्र विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में पुलिस ने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के जिलाध्यक्ष समेत पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

बड़वानी थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य की शिकायत पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष गिरासे और चार अन्य लोगों के खिलाफ बलवा, गलत तरीके से रास्ता रोकने और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्राचार्य ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 17 सितंबर की देर शाम प्रदर्शनकारियों ने उनकी कार के सामने लेटकर रास्ता रोक दिया। उस वक्त वह महाविद्यालय से अपने घर जा रही थीं।

बिसेन ने बताया कि शिकायत में प्रदर्शनकारियों पर प्राचार्य से अभद्र व्यवहार करके उन्हें अपमानित करने और डराने-धमकाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

शिकायत में कहा गया कि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने प्राचार्य और अन्य कर्मचारियों को महाविद्यालय परिसर से बड़ी मुश्किल से सुरक्षित निकालकर घर पहुंचाया।

थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ता महाविद्यालय में खेल सुविधाओं, सुरक्षा इंतजामों और अन्य अधूरी मांगों को लेकर विरोध जता रहे थे।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष बादल गिरासे ने दावा किया कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण था और बाहरी लोगों ने विद्यार्थियों को भड़काकर स्थिति बिगाड़ी।

भाषा सं. हर्ष शोभना

शोभना


लेखक के बारे में