मप्र : सिंहस्थ 2028 से पहले रेलवे सुरक्षा को लेकर समन्वय बढ़ाने के निर्देश

मप्र : सिंहस्थ 2028 से पहले रेलवे सुरक्षा को लेकर समन्वय बढ़ाने के निर्देश

मप्र : सिंहस्थ 2028 से पहले रेलवे सुरक्षा को लेकर समन्वय बढ़ाने के निर्देश
Modified Date: April 29, 2026 / 09:19 pm IST
Published Date: April 29, 2026 9:19 pm IST

भोपाल, 29 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना ने बुधवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सिंहस्थ कुंभ-2028 और अन्य प्रमुख आयोजनों से पहले रेलवे सुरक्षा के सभी पहलुओं पर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एक अधिकारी ने बताया कि समन्वय समिति की इस बैठक का उद्देश्य राज्य के रेल नेटवर्क की सुरक्षा को और मजबूत करना तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच रणनीतिक तैयारियों को सुनिश्चित करना था।

डीजीपी ने संबंधित अधिकारियों को रेलवे सुरक्षा के सभी पहलुओं पर अग्रिम तैयारी, सतत निगरानी और त्वरित समन्वय सुनिश्चित करने को कहा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

अधिकारी के अनुसार, डीजीपी ने विशेष रूप से सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक सुरक्षा रणनीति विकसित करने पर जोर दिया।

बैठक में रेलवे संचालन को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न हितधारकों के बीच समन्वय, रेलवे परिसरों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, रेल पटरियों को अवरोध मुक्त रखना, भीड़ प्रबंधन, यात्री सुरक्षा, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा तथा संवेदनशील स्टेशनों पर सुरक्षा प्रबंधन जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

इसके अलावा, आगामी सिंहस्थ-2028 को देखते हुए रेल और यात्री यातायात प्रबंधन, अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन, स्टेशन प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण के प्रारंभिक खाके पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक (रेलवे) रवि कुमार गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (खुफिया) ए. साई मनोहर सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

खुफिया ब्यूरो के संयुक्त निदेशक तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर, पश्चिम रेलवे, मध्य रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये इस बैठक में शामिल हुए।

भाषा

दिमो रवि कांत


लेखक के बारे में