मप्र: शिवपुरी में आवारा कुत्ते ने 35 से अधिक लोगों को काटा
मप्र: शिवपुरी में आवारा कुत्ते ने 35 से अधिक लोगों को काटा
शिवपुरी, 27 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के शिवपुरी में शनिवार शाम से रविवार सुबह के बीच एक कुत्ते ने 35 से अधिक लोगों को काट लिया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घायलों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं।
शिकायत मिलने के बाद नगर पालिका की टीम ने रविवार को कुत्ते को पकड़ लिया।
शिवपुरी जिला अस्पताल की नर्स रश्मि सोलंकी ने बताया कि शनिवार से रविवार पूर्वाह्न 10 बजे तक 35 लोगों को रेबीज रोधी टीके लगाए गए।
उन्होंने बताया कि कुछ घायलों ने निजी अस्पतालों में भी उपचार कराया। पीड़ितों के मुताबिक, कुत्ते ने मनियर, गुरुद्वारा चौराहा, लुहारपुरा और पुरानी शिवपुरी स्थित राधा रमण मंदिर के पास लोगों को काटा।
मनियर निवासी रूपेश उपाध्याय ने बताया कि उनके भाई हृदयेश और इलाके के छह वर्षीय बच्चे समेत करीब पांच लोगों को कुत्ते ने काटा।
उन्होंने बताया कि घायलों में गुना निवासी राजू और शांति नगर निवासी प्रमोद कुशवाह भी शामिल हैं।
नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी यशवंत राठौड़ ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद तलाश के लिए भेजी गई टीमों ने कुत्ते को पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि कुत्ते को रेबीज है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


