मप्र : जर्जर मकान ढहाये जाने के दौरान हादसा, मलबे के नीचे दबकर तीन महिला मजदूरों की मौत
मप्र : जर्जर मकान ढहाये जाने के दौरान हादसा, मलबे के नीचे दबकर तीन महिला मजदूरों की मौत
इंदौर, 16 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में बुधवार को एक जर्जर मकान को ढहाये जाने के दौरान मलबे के नीचे दबकर तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई एवं चार अन्य श्रमिक घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) उमाकांत चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर सांवेर कस्बे में हुआ, जब एक जर्जर मकान को दोबारा बनाने के लिए इसे ढहाया जा रहा था।
उन्होंने बताया,‘‘मजदूर जर्जर मकान की दीवारें तोड़ रहे थे। इस दौरान मकान की दीवार के साथ ही इससे सटे भवन के हिस्से टूट कर नीचे गिर गए और मजदूर मलबे के नीचे दब गए।’’
चौधरी ने बताया कि हादसे में तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई तथा तीन अन्य महिलाओं समेत चार श्रमिक घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है और मलबा हटाकर देखा जा रहा है कि कहीं इसके नीचे कोई अन्य व्यक्ति तो नहीं दबा है।
डीएसपी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।
भाषा हर्ष राजकुमार
राजकुमार

Facebook


