ममता बनर्जी के रवैये पर मोहन यादव का तंज,‘‘रस्सी जल गई, लेकिन बल नहीं गया’’
ममता बनर्जी के रवैये पर मोहन यादव का तंज,‘‘रस्सी जल गई, लेकिन बल नहीं गया’’
बुरहानपुर, छह मई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बावजूद पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी द्वारा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार किये जाने को लेकर बुधवार को एक हिन्दी कहावत के जरिये बनर्जी के इस रवैये पर निशाना साधा।
यादव ने बुरहानपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यक्रम के दौरान कहा,‘‘रस्सी जल गई, लेकिन बल नहीं गया…चुनाव में इतनी बुरी हार होने के बाद भी बनर्जी कह रही हैं कि वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगी।’’
उन्होंने कहा,‘‘ममता (बनर्जी), निर्ममता के साथ क्यों पेश आती हैं? जनता ने (पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में) इसी बात का हिसाब चुकता किया है।’’
यादव ने कहा कि ‘देशविरोधी तत्वों’ को बढ़ावा देने वाले नेताओं के ऐसे ही हाल होंगे।
मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं के साथ झालमुड़ी खाकर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का जश्न भी मनाया।
उन्होंने बुरहानपुर में उद्योगपतियों से संवाद के दौरान निमाड़ अंचल में औद्योगिक निवेश सम्मेलन आयोजित करने और सुखपुरी को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की।
यादव ने कहा कि राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड का विस्तार जिला स्तर पर भी किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार बुरहानपुर में केला और कपास जैसी फसलों को बढ़ावा देगी।
भाषा सं. हर्ष जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


