मध्यप्रदेश में मॉनसूनी बारिश सामान्य से 14 प्रतिशत कम, आलीराजपुर में 78 प्रतिशत कम वर्षा हुई
मध्यप्रदेश में मॉनसूनी बारिश सामान्य से 14 प्रतिशत कम, आलीराजपुर में 78 प्रतिशत कम वर्षा हुई
इंदौर, 21 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश में मॉनसून सामान्य से कमजोर बना हुआ है और एक जून से अब तक राज्य में दीर्घावधि औसत की तुलना में 14 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी ।
इस सिलसिले में सबसे चिंताजनक स्थिति आदिवासी बहुल आलीराजपुर जिले की है जहां सामान्य के मुकाबले करीब 78 प्रतिशत कम वर्षा होने से खरीफ फसलों की बुवाई बुरी तरह प्रभावित हुई है।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक राज्य में एक जून से अब तक 286.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 335.3 मिलीमीटर बारिश होती है।
आंकड़े बताते हैं कि आलोच्य अवधि के दौरान आलीराजपुर में महज 64.8 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि सामान्य तौर पर जिले में 297.9 मिलीमीटर बारिश होती है।
आलीराजपुर के कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आर के यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,‘‘बेहद कम बारिश के कारण जिले में अब तक केवल 1.16 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सोयाबीन, मक्का, उड़द, कपास और मूंगफली जैसी फसलों की बुवाई हो पाई है, जबकि पिछले वर्ष यह रकबा 1.89 लाख हेक्टेयर था। बारिश की कमी से फसलों की वृद्धि भी प्रभावित हुई है।’’
उन्होंने बताया कि किसानों को सलाह दी जा रही है कि यदि अगले कुछ दिनों में पर्याप्त बारिश नहीं होती है, तो वे कम अवधि में पकने वाली और कम पानी की आवश्यकता वाली फसलें जैसे मूंग, ज्वार और बाजरा अपनाने पर विचार करें।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक मध्यप्रदेश में वर्षा का वितरण बेहद असमान रहा है। पूर्वी मध्यप्रदेश में सामान्य से 18 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पश्चिमी मध्यप्रदेश में यह कमी 11 प्रतिशत रही है।
राज्य के पूर्वी क्षेत्र में रीवा सबसे अधिक प्रभावित जिला रहा जहां सामान्य से 59 प्रतिशत कम बारिश हुई। इसके अलावा, मैहर, सिंगरौली, नरसिंहपुर और सीधी में भी वर्षा का उल्लेखनीय कमी दर्ज की गयी। हालांकि, निवाड़ी में सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
दूसरी ओर, पश्चिमी मध्यप्रदेश में तस्वीर मिश्रित रही। देवास मध्यप्रदेश का सबसे अधिक वर्षा वाला जिला बनकर उभरा जहां 460.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, और यह सामान्य से 51 प्रतिशत अधिक है।
इंदौर, भिंड, बुरहानपुर और भोपाल में भी सामान्य से अधिक वर्षा हुई।
झाबुआ, नर्मदापुरम, धार, दतिया, शिवपुरी और मुरैना जैसे जिलों में सामान्य से 33 से 45 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई।
रतलाम, बड़वानी, शाजापुर, अशोकनगर और ग्वालियर में भी वर्षा सामान्य से कम रही, जबकि खंडवा, खरगोन, राजगढ़ और उज्जैन में वर्षा लगभग सामान्य स्तर पर दर्ज की गई।
भाषा हर्ष राजकुमार
राजकुमार

Facebook


