नेपाल बाढ़: रायसेन के लापता छह मजदूरों में से चार मिले, दो का अभी तक कोई पता नहीं
नेपाल बाढ़: रायसेन के लापता छह मजदूरों में से चार मिले, दो का अभी तक कोई पता नहीं
रायसेन (मध्यप्रदेश), 30 अगस्त (भाषा) नेपाल में आई भीषण बाढ़ में लापता हुए मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के छह मजदूरों में से चार का पता चल गया है, जबकि दो अन्य अब भी लापता हैं। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया की सभी मजदूर रायसेन के पास मंडीदीप स्थित एक कंपनी में काम करते थे और इसी कंपनी के माध्यम से वे नेपाल के रासुवा जिले में अपर त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना में काम करने गए थे।
रायसेन के जिलाधिकारी अरुण कुमार विश्वकर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जिले के छह मजदूरों के लापता होने की जानकारी मिली थी, जिनमें से चार से संपर्क हो गया है।
उन्होंने कहा कि दो युवकों से अभी तक कोई संपर्क नहीं हो पाया है और उनकी पहचान जिले के मंजूस सुल्तानपुर निवासी विशेष सिंह राजपूत (26) और मंडीदीप के हिमांशु शाक्य (28) के रूप में हुई है।
विश्वकर्मा ने कहा कि सभी छह मजदूर एक साथ कंपनी के काम के सिलसिले में नेपाल गए थे। उन्होंने बताया कि संबंधित कंपनी एवं लापता युवकों के परिवार से जानकारी जुटाने के लिए मंडीदीप एसडीएम चंद्रशेखर श्रीवास्तव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन ने विदेश मंत्रालय को भी इसकी सूचना दे दी है।
नेपाल-तिब्बत सीमा पर 26 अगस्त को आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या 700 के पार पहुंच गई, जबकि लगभग 2,500 लोग अभी भी लापता हैं। बर्फ और चट्टानों के खिसकने या हिमस्खलन के कारण यह आपदा आई, जिसने मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों में भारी तबाही मचाई।
विशेष राजपूत के भाई विक्की राजपूत ने बताया कि उनके भाई की उनकी नानी से 26 अगस्त की सुबह साढ़े आठ बजे मोबाइल पर बात हुई थी लेकिन उसके बाद से संपर्क नही हो पा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) एवं पुलिस को सूचना दी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी दोनों का पता लगाने का अनुरोध किया।
भाषा सं ब्रजेन्द्र रंजन आशीष
आशीष

Facebook


