भोपाल में सरकारी कार्यालय में साइनाइड गैस से हमले की धमकी मिलने के बाद हड़कंप; पुलिस ने बताया अफवाह

भोपाल में सरकारी कार्यालय में साइनाइड गैस से हमले की धमकी मिलने के बाद हड़कंप; पुलिस ने बताया अफवाह

भोपाल में सरकारी कार्यालय में साइनाइड गैस से हमले की धमकी मिलने के बाद हड़कंप; पुलिस ने बताया अफवाह
Modified Date: March 16, 2026 / 04:55 pm IST
Published Date: March 16, 2026 4:55 pm IST

भोपाल, 16 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक सरकारी कार्यालय को सोमवार को सायनाइड गैस सिलेंडर से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस जांच में यह धमकी झूठी निकली।

अधिकारियों ने बताया कि एमपी नगर में स्थित राज्य सरकार के नापतौल विभाग के कार्यालय को एहतियातन खाली करा लिया गया था।

कार्यालय अधीक्षक श्यामू सोलंकी ने बताया कि सुबह पूर्वाह्न 10 बजकर 20 मिनट पर ईमेल चेक करते समय एक संदेश मिला, जिसमें दावा किया गया था कि विभाग के दफ्तर में सायनाइड गैस से भरे 16 सिलेंडर रखे गए हैं और वे दोपहर एक बजे के आसपास फट जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और पुलिस को भी अवगत कराया गया। सूचना मिलने पर बम निरोधक दस्ता, पुलिस टीम और खोजी कुत्तों का दस्ता मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की तलाशी ली। एहतियात के तौर पर कार्यालय को खाली करा लिया गया था।

सोलंकी ने बताया कि तलाशी के दौरान कार्यालय में कोई सिलेंडर या विस्फोटक नहीं मिला।

अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भोपाल में स्थित पीपुल्स यूनिवर्सिटी और एम्स को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे, जो बाद में झूठे साबित हुए थे।

भोपाल शहर के जोन-2 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विवेक सिंह ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए जांच की जा रही है।

उन्होंने आशंका जताई कि देशभर में इस तरह के ईमेल भेजने के पीछे किसी गिरोह का हाथ हो सकता है, जो फर्जी नामों का इस्तेमाल कर रहा है।

विभाग के अधिकारियों और कर्मचारी नेता उमाशंकर तिवारी ने बताया कि तलाशी पूरी होने के बाद कर्मचारी दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर फिर से काम पर लौट आए।

भाषा दिमो जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में