इंदौर (मध्यप्रदेश), 19 सितंबर (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर में शनिवार शाम शुरू होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले शहर में कई जगह पोस्टर लगाए गए जिन पर ‘झूठ की गूंज’ छपा है और इस आयोजन को लेकर निशाना साधा गया है।
कांग्रेस ने इन पोस्टर को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा लगाए जाने का आरोप लगाया, जबकि भाजपा ने कहा कि ये पोस्टर विद्यार्थियों ने गांधी द्वारा बोले जाने वाले कथित झूठ के खिलाफ अपनी प्रतिक्रिया के तौर पर लगाए हैं।
कांग्रेस की इंदौर इकाई के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा, ‘‘हमेशा झूठ बोलने वाली भाजपा ने सारे शहर में ‘झूठ की गूंज’ के पोस्टर लगा दिए हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के आयोजन में सत्तारूढ़ भाजपा के इशारे पर जितनी बाधाएं पैदा की जा सकती थीं, उतनी पैदा की गईं।
चौकसे ने कहा कि कांग्रेस इन बाधाओं को पार करके कार्यक्रम कर रही है, तो शहर में अवैध तौर पर ‘झूठ की गूंज’ के पोस्टर लगा दिए गए।
बाद में कांग्रेस नेताओं को अलग-अलग स्थानों पर ये पोस्टर हटाते देखा गया।
भाजपा के प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी आलोक दुबे ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया।
दुबे ने दावा किया कि शहर के युवाओं और विद्यार्थियों पर राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अनुचित दबाव बनाया गया जिसके खिलाफ छात्रों ने ‘झूठ की गूंज’ का प्रचार शुरू किया है।
उन्होंने कहा कि ‘झूठ की गूंज’ के पोस्टर विद्यार्थियों की स्वाभाविक अभिव्यक्ति है और इनका साफ संदेश है कि राहुल गांधी झूठ बोलते हैं।
भाषा हर्ष रंजन सुरभि
सुरभि