Dead body of former MLA Bhagwat Singh Patel's driver found hanging in Raisen
रायसेन। जिले के बरेली में बीते गुरुवार शुक्रवार की रात्रि पूर्व विधायक और भाजपा के कदावर नेता भगवत सिंह पटेल की संदिध मौत से जिले भर में सनसनी फैल गयी थी। भगवत सिंह पटेल का शव बाथरूम में मृत अवस्था में पड़ा मिला था, जिनके सिर में गोली लगने जैसा निशान मिला था। हालांकि शार्ट पीएम में गोली लगने बात नहीं कही गयी, लेकिन उनके सिर में छेद पाया गया था और सिर में फ्रेक्चर भी डॉक्टरों ने बताया था।
पूर्व MLA की मौत के चार दिन बाद ड्राइवर की मौत
इस मामले में बरेली पुलिस अभी जांच कर रही थी कि आज भगवत सिंह के निज ड्राइवर बिहारी उर्फ छोटू का शव नर्मदा नदी के किनारे बबूल के पेड़ से लटका मिला। पास में पल्सर मोटर साइकिल भी खड़ी मिली। बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर पूर्व विधायक की चार दिन पहले मौत हुई और आज उनके ड्राइवर की, कही यह कोई साजिश तो नहीं। 13 साल से पूर्व विधायक के यहां फुल टाइम साथ रहने वाले ड्राइवर बिहारी केवट उर्फ छोटू की पेड़ से लटकी लाश मिलने से नया मोड़ आ गया है।
पीएम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा शव
बरेली पुलिस सहित घटनास्थल पर एफएसएल की टीम जिले के एसपी विकास कुमार शहवाल मौके पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक के शव को पीएम के लिए बरेली सिविल अस्पताल ना भेज कर भोपाल हमीदिया अस्पताल भेजा गया, जहां फॉरेंसिक डॉक्टरों की टीम पोस्टमार्टम करेगी। बता दें पूर्व विधायक के शव का पोस्ट मार्टम बरेली में हुआ था, जिस पर अभी संसय बना हुआ है। यही वजह है की पुलिस ने मृतक ड्राइवर बिहारी केवट के शव को भोपाल भेजा है। मृतक के शरीर में चोट के निशान भी मिले हैं। इसलिए मामला संदिग्ध है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल बारीकी से कर रही है।
प्रॉपर्टी को लेकर भगवत सिंह की हत्या!
मृतक के छोटे भाई गिरधारी केवट ने बताया कि विधायक की मौत के बाद से भैया परेशान चल रहे थे और कह रहे थे यह लोग मुझे फंसा देंगे। कल सुबह आठ बजे से बिहारी केवट घर से गायब था।आखिर कौन है वो लोग जो मृतक को विधायक की हत्या या आत्महत्या में फंसाना चाहता था, यह भी जांच का विषय है । पूर्व विधायक भगवत सिंह की मौत की नगर में जनचर्चा है कि प्रॉपर्टी को लेकर भगवत सिंह की हत्या की गई है। दरअसल, भगवत सिंह पटेल ने कुछ दिन पहले ही भोपाल का अपना घर करोड़ो रूपये में बेचा था और उनके पास सोना चांदी सहित नगदी काफी मात्रा में यह सब घर पर था या बैंक में यह तो अभी खुलासा नहीं हुआ है।
घर में मिले सिर्फ 100 रुपये
बताया जा रहा है जिस दिन भगवत सिंह की मौत हुई उस दिन उनके घर में महज सौ रुपये मिले। दरअसल, भगवत सिंह पटेल के कोई लड़का नही था चार बेटियां है जिनके नाम जमीन की गई थी भगवत सिंह के भतीजो को भी कुछ प्रॉपर्टी दी गयी ऐसा बताया जा रहा है भगवत सिंह ने कुछ दिन पहले कोई वसीयत की है इन सब बातों की पुष्टि तो नही हुई लेकिन नगर में चर्चा जोरों पर है। अब सवाल यह उठ रहा है। की इन दो संदिग्ध मौतों में पुलिस कब तक जांच कर कार्यवाही करेगी या फिर कुछ और बड़े मामलों की तरह यह भी दफन होकर रह जाएगी मामला चुकी हाई प्रोफाइल है तो पुलिस भी फूक फूक कर कदम रख रही है। IBC24 से संतोष मालवीय की रिपोर्ट