छात्रों पर ‘पैलेट गन’ चलाने का मुद्दा उठाएगा विपक्ष, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जवाबदेही लें: तृणमूल

Ads

छात्रों पर ‘पैलेट गन’ चलाने का मुद्दा उठाएगा विपक्ष, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जवाबदेही लें: तृणमूल

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 11:53 AM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 11:53 AM IST

नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि विपक्षी दल 20 जुलाई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई में छात्रों पर कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल का मुद्दा संसद में संयुक्त रूप से उठाएंगे। पार्टी ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जवाबदेह ठहराए जाने की मांग की।

राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस की उपनेता सागरिका घोष ने दावा किया कि ऐसे साक्ष्य सामने आए हैं, जिनसे पता चलता है कि सुरक्षा बलों ने निहत्थे छात्र प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया।

घोष ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी सरकार की भयावह बर्बरता। अब ऐसे प्रमाण सामने आए हैं कि सुरक्षा बलों ने निहत्थे और असुरक्षित छात्रों पर पैलेट गन चलाई, जिससे आंखों की रोशनी जाने का खतरा रहता है। ये छात्र सड़कों पर जवाबदेह परीक्षा प्रणाली की मांग कर रहे थे।’’

उन्होंने कहा कि संयुक्त विपक्ष निहत्थे छात्रों पर पुलिस की ज्यादती, नीट परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों और छात्रों की आत्महत्याओं के मुद्दे पर संसद में प्रदर्शन करेगा।

तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा, ‘‘अब केवल किसी मंत्री को हटाना पर्याप्त नहीं होगा। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।’’

बीस जुलाई को पुलिस कार्रवाई के दौरान पैलेट गन के कथित इस्तेमाल का मुद्दा उस समय राजनीतिक विवाद का विषय बन गया, जब प्रदर्शनकारियों के पैलेट गन के छर्रे लगने से घायल होने की तस्वीरें और वीडियो सामने आए।

खबरों के अनुसार, एक छात्र की आंख में गंभीर चोट लगी है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन के इस्तेमाल से इनकार किया है। वहीं, विपक्षी दल इस मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने की मांग कर रहे हैं।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव