कूनो में चीतों के इलाके में घुसा रणथंभौर का बाघ, निगरानी तेज
कूनो में चीतों के इलाके में घुसा रणथंभौर का बाघ, निगरानी तेज
श्योपुर, 23 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के रणथंभौर टाइगर रिजर्व (आरटीआर) से आया एक बाघ मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों के इलाके में प्रवेश कर गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
वन विभाग के प्रभागीय वन अधिकारी तिरुकुरल आर ने बताया कि एक पर्यटक ने बुधवार को उद्यान के भीतर इस बाघ को देखा।
अधिकारियों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब कोई बाघ कूनो पहुंचा है। कुछ महीने पहले भी इस बाघ की यहां मौजूदगी दर्ज की गई थी। रणथंभौर श्योपुर से करीब 70 किलोमीटर दूर है और दोनों क्षेत्रों के बीच वन्यजीवों की आवाजाही सामान्य मानी जाती है।
सूत्रों के मुताबिक, कूनो में देखा गया बाघ रणथंभौर का टी-2512 है।
अधिकारियों ने बताया कि कूनो राष्ट्रीय उद्यान में वर्तमान में शावकों सहित 54 चीते हैं। भारत में करीब सात दशक पहले विलुप्त हो चुके चीतों के पुनर्वास के तहत सितंबर 2022 में नामीबिया से आठ, फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 और 28 फरवरी 2026 को बोत्सवाना से नौ चीते यहां लाए गए थे।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश में कुल 57 चीते हैं, जिनमें कूनो से अन्य स्थानों पर भेजे गए चीते भी शामिल हैं। तीन चीतों को गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य भेजा गया है, जबकि शेष कूनो में हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बीमारी के जोखिम को कम करने के लिए चीतों को अलग-अलग क्षेत्रों में रखा गया है और बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
भाषा
सं, दिमो रवि कांत

Facebook


