नशीले पदार्थों की बरामदगी मामले में भाजपा से निष्कासित नेता को पकड़ने के लिए तीन टीम गठित

Ads

नशीले पदार्थों की बरामदगी मामले में भाजपा से निष्कासित नेता को पकड़ने के लिए तीन टीम गठित

  •  
  • Publish Date - September 14, 2025 / 11:45 PM IST,
    Updated On - September 14, 2025 / 11:45 PM IST

आगर मालवा (मध्यप्रदेश), 14 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में लगभग पांच करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पूर्व नेता को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीम का गठन किया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में फरार आरोपी राहुल आंजना के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद सत्तारूढ़ पार्टी ने उसे दल से निष्कासित कर दिया। आंजना भाजपा की तनोदिया मंडल इकाई के उपाध्यक्ष थे।

पुलिस ने शुक्रवार को आगर मालवा में दो कार से 4.62 करोड़ रुपये मूल्य का कम से कम 9.2 किलोग्राम केटामाइन, 12.1 किलोग्राम अमोनियम क्लोराइड, 25 लाख रुपये मूल्य का 35 लीटर आइसोप्रोपिल अल्कोहल और 6 ग्राम मेफेड्रोन बरामद किया।

अधिकारी ने बताया कि राहुल (30) भागने में सफल रहा, जबकि पुलिस ने दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान ईश्वर मालवीय (33) और दौलत सिंह आंजना (35) के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राहुल की तलाश के लिए आगर शहर के पुलिस अधीक्षक मोतीलाल कुशवाहा के नेतृत्व में तीन टीम का गठन किया गया है।

सूत्र ने बताया कि राहुल के घर से कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले ट्यूबवेल बोरिंग के कारोबार में कमीशन एजेंट के तौर पर काम करता था।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को नशीले पदार्थों और रसायनों के अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

विशेषज्ञों का कहना है कि कारों से जब्त किए गए 9 किलोग्राम केटामाइन का इस्तेमाल 72 किलोग्राम एमडी का उत्पादन करने के लिए किया जा सकता है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 350 करोड़ रुपये है।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक सिंह ने कहा कि तीन टीम राहुल का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि, उन्होंने कोई भी जानकारी साझा करने से इनकार करते हुए कहा कि विवरण जांच में बाधा उत्पन्न करेगा।

इस मामले में राहुल का नाम सामने आने के बाद भाजपा ने उसे पार्टी से निष्कासित कर दिया।

भाषा सं ब्रजेन्द्र देवेंद्र

देवेंद्र