Shahpura Toll Plaza Closed: इस टोल प्लाजा में अब नहीं होगी टोल की वसूली! मंत्री गडकरी के निर्देश के बाद आज से ही लागू हुआ नया आदेश, जानिए क्यों लिया गया बड़ा फैसला

Ads

इस टोल प्लाजा में अब नहीं होगी टोल की वसूली! मंत्री गडकरी के निर्देश के बाद आज से ही लागू हुआ नया आदेश, Toll collection at Shahpura toll plaza temporarily suspended

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 09:00 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 09:00 PM IST

भोपालः भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने जनसुविधा एवं सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए एनएच-45 के जबलपुर–हिरन नदी सेक्शन स्थित शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के निर्देशानुसार, रविवार 27 सितंबर को दोपहर 12:00 बजे से शहपुरा टोल प्लाजा की सभी लेन, जिसमें ईटीसी लेन भी शामिल हैं, टोल-मुक्त रहेंगी। इस अवधि में किसी भी श्रेणी के वाहन से यूजर फीस की वसूली नहीं की जाएगी।

बता दें कि शहपुरा आरओबी के एप्रोच के क्षतिग्रस्त होने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से सामान्य यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा आरओबी के एप्रोच के स्थायी पुनर्निर्माण का कार्य किया जा रहा है। पुनर्निर्माण से संबंधित आवश्यक संरचनात्मक एवं सिविल कार्य प्रगति पर हैं। वर्तमान यातायात व्यवस्था के कारण सड़क उपयोगकर्ताओं को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए टोल वसूली अस्थायी रूप से स्थगित की गई है।

टोल वसूली स्थगित रहने की अवधि में भी शहपुरा टोल प्लाजा पर प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी, ईटीसी/एएनपीआर/डब्ल्यूआईएम सिस्टम, साइनेज एवं अन्य आवश्यक परिसंपत्तियों का समुचित रखरखाव जारी रहेगा। साथ ही, वाहन चालकों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन के लिए टोल प्लाजा पर यातायात का सुचारु एवं निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। आरओबी के एप्रोच का पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण होने तथा आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी कर सामान्य यातायात बहाल होने के उपरांत टोल वसूली पुनः प्रारंभ किए जाने संबंधी निर्णय नियमानुसार लिया जाएगा। एनएचएआई सड़क उपयोगकर्ताओं की सुविधा, सुरक्षित आवागमन एवं बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। जनहित को प्राथमिकता देते हुए सड़क उपयोगकर्ताओं की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

इन्हें भी पढ़ें:-