मप्र के भिंड में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर, दंपति समेत तीन की मौत

Ads

मप्र के भिंड में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर, दंपति समेत तीन की मौत

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 02:03 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 02:03 PM IST

भिंड 30 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के भिंड जिले में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक दंपति समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार देर रात अटेर थाना क्षेत्र के बलारपुरा गांव के पास हुआ।

अटेर थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह तोमर ने बताया कि सूचना मिलते ही आपात सेवा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित कर दिया।

तोमर ने बताया कि चौथा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हुई, जिससे सवार सड़क पर जा गिरे और करीब आधे घंटे तक वहीं पड़े रहे।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही प्रतीत हो रही है।

मृतकों की पहचान किरण प्रजापति (32), सोनीराम प्रजापति (34) और अनूप जाटव (18) के रूप में हुई है।

भाषा सं दिमो मनीषा

मनीषा