‘वोकल फॉर लोकल’ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का राष्ट्रीय आंदोलन: मप्र विधानसभा अध्यक्ष तोमर

Ads

‘वोकल फॉर लोकल’ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का राष्ट्रीय आंदोलन: मप्र विधानसभा अध्यक्ष तोमर

  •  
  • Publish Date - August 30, 2026 / 11:09 PM IST,
    Updated On - August 30, 2026 / 11:09 PM IST

भोपाल, 30 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘वोकल फॉर लोकल’ पहल केवल एक आर्थिक अभियान नहीं बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए एक राष्ट्रीय आंदोलन है।

तोमर ने भोपाल में अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय कारीगरों, छोटे उद्योगों, स्टार्टअप और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलता है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।

तोमर ने सम्मेलन का उद्घाटन किया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए करीब 250 प्रमुख व्यापारी और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस दौरान व्यापार को बढ़ावा देने, स्वदेशी उत्पादों के प्रचार, संगठन की मजबूती और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में दिल्ली के चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र से सांसद और कैट के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल, कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया, राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल, कैट मध्यप्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन और प्रदेश मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा मौजूद रहे।

तोमर ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी की ‘वोकल फॉर लोकल’ पहल केवल आर्थिक अभियान नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का राष्ट्रीय आंदोलन है।’’ खंडेलवाल ने कहा कि 12 से 15 अगस्त तक नयी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडियन बिजनेस फेस्टिवल’ ने देश के व्यापारिक इतिहास में नया अध्याय जोड़ा।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन में देश-विदेश के व्यापार प्रतिनिधियों, उद्यमियों और उद्योग जगत के लोगों को एक मंच मिला तथा इससे व्यापार के नए अवसर सृजित हुए।

भरतिया ने कैट को देश के प्रमुख व्यापारी संगठनों में से एक बताते हुए इसे और मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि संगठन के पदाधिकारी व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाएं।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारतीय उत्पादों के प्रचार और उपयोग को जन आंदोलन बनाने के प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों के प्रति उपभोक्ताओं का बढ़ता विश्वास भारत की आर्थिक मजबूती का आधार बनेगा।

भूपेंद्र जैन ने प्रदेश के व्यापारियों और संगठनों से अधिक सक्रिय होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

सम्मेलन में कराधान, डिजिटलीकरण, ई-कॉमर्स, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और व्यापारी संगठनों की भूमिका पर भी चर्चा की गई।

प्रतिभागियों ने व्यापार और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

भाषा ब्रजेन्द्र जितेंद्र

जितेंद्र