महाराष्ट्र में 13 वर्षीय लड़के को बंधुआ मजदूरी से मुक्त कराया गया
महाराष्ट्र में 13 वर्षीय लड़के को बंधुआ मजदूरी से मुक्त कराया गया
जालना, 21 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के जालना जिले में एक खेत से 13 वर्षीय एक लड़के को कथित बंधुआ मजदूरी से मुक्त कराया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और बाल हेल्पलाइन 1098 से मिली सूचना के आधार पर बुधवार को भोकरदन तहसील के चिंचोली गांव में छापा मारा गया।
अधिकारियों के अनुसार, लड़के ने उन्हें को बताया कि वह करीब डेढ़ साल से खेत में काम कर रहा था। वह खेती से जुड़े कार्य करने के अलावा बकरियां चराने, मवेशियों को चारा-पानी देने और गोबर साफ करने का काम करता था।
उन्होंने बताया कि लड़के के पिता ने खेत के मालिक से 40,000 रुपये अग्रिम लिए थे और इसी रकम के बदले पीड़ित बच्चे को कथित तौर पर खेत में काम करने के लिए मजबूर किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि लड़के का पिता हत्या के एक मामले में जेल में है और खेत मालिक ने कथित तौर पर रकम चुकाए जाने तक उसे छोड़ने से इनकार कर दिया था।
अधिकारियों ने बताया कि लड़के को सरकारी आश्रय गृह भेज दिया गया है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


