महाराष्ट्र में एफडीए के तीन-दिवसीय अभियान में 33 लोग गिरफ़्तार, 27 प्रतिष्ठान सील

महाराष्ट्र में एफडीए के तीन-दिवसीय अभियान में 33 लोग गिरफ़्तार, 27 प्रतिष्ठान सील

महाराष्ट्र में एफडीए के तीन-दिवसीय अभियान में 33 लोग गिरफ़्तार, 27 प्रतिष्ठान सील
Modified Date: May 30, 2026 / 01:57 pm IST
Published Date: May 30, 2026 1:57 pm IST

मुंबई, 30 मई (भाषा) महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने तीन दिवसीय राज्यव्यापी अभियान के दौरान 33 लोगों को गिरफ्तार किया है और 27 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एफडीए के आयुक्त तुकाराम मुंढे के अनुसार, यह विशेष अभियान 25 मई से 27 मई के बीच राज्य के छह प्रशासनिक मंडलों में चलाया गया। इस दौरान 20.67 लाख रुपये से अधिक मूल्य का सामान भी जब्त किया गया।

इस संबंध में जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रतिबंधित उत्पादों और मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाना, असुरक्षित खाद्य निर्माण इकाइयों के संचालन को बंद कराना तथा खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघनों पर कार्रवाई करना था।

इसके तहत एफडीए ने गुटखा, पान मसाला और अन्य प्रतिबंधित उत्पादों के साथ-साथ खाद्य प्रसंस्करण और पैकेजिंग इकाइयों का भी निरीक्षण किया।

मुंढे ने कहा कि हम बार-बार अपराध करने वालों के खिलाफ ‘चैप्टर केस’ (एहतियातन कार्रवाई) दर्ज करेंगे और जो लोग जन-स्वास्थ्य से समझौता करते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।

केवल मुंबई महानगर क्षेत्र में ही 19 आरोपियों को हिरासत में लिया गया और 19 प्रतिष्ठानों को सील किया गया।

एफडीए ने बताया कि यह कार्रवाई केवल प्रतिबंधित उत्पादों तक सीमित नहीं थी, बल्कि गुणवत्ता जांच के लिए पैकेटबंद पीने का पानी, दूध, जूस, कार्बोनेटेड पेय, खाने का तेल, मिठाइयां, आइसक्रीम, ताड़ी, मसाले, खोया, पनीर, घी, बेसन और बेकरी उत्पादों के नमूने भी एकत्र किए गए।

इस अभियान के दौरान जलगांव के अधिकारियों ने दूध में खाने का तेल मिलाने वाले एक कथित गिरोह का भंडाफोड़ किया। वहीं पुणे के इंदापुर क्षेत्र में आमों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए रासायनिक पदार्थों के इस्तेमाल का पता चलने पर लगभग 20,000 रुपये के आम जब्त किए गए।

धारावी स्थित एक नूडल बनाने वाली इकाई के खिलाफ लेबलिंग नियमों और खाद्य सुरक्षा कानूनों के कथित उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की गई। वहीं नासिक और पालघर में भी कई प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की गई।

भाषा

प्रचेता गोला

गोला


लेखक के बारे में