फडणवीस ने विरोध प्रदर्शन के बाद एमपीएससी से कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं को अगस्त 2027 तक टालने को कहा

फडणवीस ने विरोध प्रदर्शन के बाद एमपीएससी से कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं को अगस्त 2027 तक टालने को कहा

फडणवीस ने विरोध प्रदर्शन के बाद एमपीएससी से कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं को अगस्त 2027 तक टालने को कहा
Modified Date: July 16, 2026 / 10:13 pm IST
Published Date: July 16, 2026 10:13 pm IST

मुंबई, 16 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) को कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं को लागू करने का फैसला अगस्त 2027 तक टालने का निर्देश दिया। इससे इस बदलाव का विरोध कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिली है।

एमपीएससी ने इससे पहले संयुक्त समूह ‘सी’ प्रारंभिक परीक्षा को कंप्यूटर आधारित प्रारूप में कई सत्रों में आयोजित करने का फैसला किया था, जिसमें प्रत्येक सत्र के लिए अलग प्रश्न पत्र होने थे और कठिनाई के स्तर में अंतर को संतुलित करने के लिए अंकों का समानीकरण किया जाना था।

इस प्रस्ताव के बाद छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था। उन्होंने नयी परीक्षा प्रणाली को लेकर अपनी चिंताएं जताई थीं।

फडणवीस ने मंगलवार को छात्र प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी और उन्हें आश्वासन दिया था कि उनकी चिंताओं पर आयोग के साथ चर्चा की जाएगी।

एमपीएससी के अध्यक्ष विवेक भीमनवार, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव (सामान्य प्रशासन) वी. राधा और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्रीकर परदेशी की मौजूदगी में हुई बैठक में फडणवीस ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में सुधार चरणबद्ध तरीके से लागू किए जाने चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया हमेशा उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं समय पर आयोजित हों और परिणाम भी समय पर घोषित किए जाएं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा प्रणाली से नई प्रणाली में बदलाव सुचारू तरीके से होना चाहिए और सभी संबंधित पक्षों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए।

फडणवीस ने निर्देश दिया कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली को अगस्त 2027 से चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाए और तब तक एमपीएससी मौजूदा परीक्षा प्रणाली के तहत ही परीक्षाएं आयोजित करता रहे।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में