हड़ताल का तीसरा दिन: नीट पुनर्परीक्षा के छात्रों के लिए बेस्ट बसों के 180 विशेष फेरे

Ads

हड़ताल का तीसरा दिन: नीट पुनर्परीक्षा के छात्रों के लिए बेस्ट बसों के 180 विशेष फेरे

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 03:58 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 03:58 PM IST

मुंबई, 21 जून (भाषा) बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं यातायात (बेस्ट) के कर्मचारियों की हड़ताल के तीसरे दिन रविवार को राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की सुगम आवाजाही के लिए बेस्ट की बसों के लगभग 180 फेरे संचालित किए जा रहे हैं।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि नगर निकाय द्वारा संचालित इस परिवहन प्रणाली के कर्मचारी शुक्रवार से हड़ताल पर हैं। इसके बावजूद, मुंबई के 63 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए इन विशेष सेवाओं की योजना बनाई गई।

अधिकारियों ने बताया कि शहर भर के परीक्षा केंद्रों तक छात्रों को पहुंचाने के लिए बेस्ट ने 24 मार्गों पर 60 बसें तैनात कीं।

विज्ञप्ति के अनुसार, छात्रों की सुगम आवाजाही के लिए दिन के दौरान लगभग 180 फेरें संचालित किये जाएंगे। कुर्ला, दादर, मालाड और मुलुंड सहित प्रमुख स्थानों से विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए सीधी बस सेवा प्रदान की जा रही है।

‘बेस्ट संयुक्त कामगार कृति समिति द्वारा आहूत इस हड़ताल के कारण शुक्रवार से नगर निकाय की बस परिवहन प्रणाली पूरी तरह चरमरा गई है।

इसकी वजह से यात्रियों को अपने दैनिक आवागमन के लिए लोकल ट्रेनों, मेट्रो सेवाओं, टैक्सी और ऑटो रिक्शा पर निर्भर होना पड़ रहा है।

यूनियन नेताओं ने कहा है कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार उनकी मांगों पर स्पष्ट आश्वासन नहीं देती। इनकी मांगों में बेस्ट के बजट का बीएमसी के बजट के साथ विलय करना, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाये का एकमुश्त भुगतान, 2016-2026 की अवधि के लिए सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करना, परिवहन और बिजली विभागों में अनुबंध व्यवस्था को समाप्त करना, और पट्टे पर ली गई बस के कर्मचारियों को बेस्ट में शामिल करना शामिल हैं।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश