एससी/एसटी मामलों की जांच तेज कर दोषियों को जल्द सजा दिलाएं अधिकारी: आंध्र के मुख्यमंत्री

Ads

एससी/एसटी मामलों की जांच तेज कर दोषियों को जल्द सजा दिलाएं अधिकारी: आंध्र के मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 06:07 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 06:07 PM IST

अमरावती, पांच सितंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को अधिकारियों को अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें कानून के दुरुपयोग को रोका जा सके और अपराध करने वालों को उचित सजा भी मिले।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा, “एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामलों की जांच में तेजी लाएं ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके।”

एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के क्रियान्वयन और इन समुदायों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय में राज्य स्तरीय उच्चाधिकार समिति की बैठक हुई।

नायडू ने गुंटूर, अनंतपुर, पूर्वी गोदावरी और प्रकाशम जिलों में एससी-एसटी के खिलाफ अत्याचार के अपेक्षाकृत अधिक मामलों की विशेष जांच कराने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे केवल मामलों की संख्या ही नहीं बल्कि उनके स्वरूप, उनके पीछे के कारणों और निपटारे में लगने वाले समय की भी जांच करें।

नायडू ने इन मामलों के जल्द समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा। मुख्यमंत्री ने जिला स्तर पर लंबित 131 बैठकों को लेकर नाराजगी जताई।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जमीनी स्तर पर एससी और एसटी समुदायों को आ रही समस्याओं को समझें तथा उनके समाधान के लिए उचित कदम उठाएं।

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश

अविनाश