जन शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने के लिए जल्द ही एक समर्पित मंच शुरू होगा : मुख्यमंत्री नायडू
जन शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने के लिए जल्द ही एक समर्पित मंच शुरू होगा : मुख्यमंत्री नायडू
अमरावती, आठ मई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को कहा कि जन शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने के लिए जल्द ही ‘प्रजा दरबार’ के समान एक समर्पित मंच शुरू किया जाएगा।
सचिवालय में आयोजित 7वें जिला कलेक्टर सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायतों के समाधान के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
नायडू ने कहा, ‘‘जन शिकायत निवारण प्रणाली (पीजीआरएस) को मजबूत करने के लिए ‘प्रजा दरबार’ के समान एक समर्पित मंच जल्द ही शुरू किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को शिकायतों के समाधान के लिए मिलकर काम करना चाहिए।’’
सिंगापुर के शिकायत निवारण मॉडल से प्रेरणा लेते हुए, उन्होंने मंडल स्तर सहित समस्याओं के त्वरित और अधिक स्थानीयकृत समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रत्येक शुक्रवार को ‘क्षेत्रीय शिकायत दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा, जिसके दौरान अधिकारी सीधे निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करके शिकायतें प्राप्त करेंगे और उनका समाधान करेंगे।
नायडू ने कलेक्टरों को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र का महीने में चार बार दौरा करें और शिकायतों के निवारण को सद्भावना मिशन के रूप में लें ताकि सरकार में लोगों का विश्वास मजबूत हो सके।
इससे पहले, उन्होंने कहा कि शासन व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए फाइलों का निपटारा सबसे महत्वपूर्ण पहलू है।
नायडू ने मुख्य सचिव जी. साई प्रसाद की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बड़ी संख्या में फाइलों का निपटारा 10 घंटे के भीतर कर दिया।
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि फाइलों का निपटारा जितनी जल्दी होगा, सरकारी सेवाएं उतनी ही तेजी से प्रदान की जा सकेंगी।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप

Facebook


