आदित्य ठाकरे ने सतीश सालियान के नोटिस का जवाब दिया, मानहानि के आरोप का खंडन किया

Ads

आदित्य ठाकरे ने सतीश सालियान के नोटिस का जवाब दिया, मानहानि के आरोप का खंडन किया

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 09:46 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 09:46 PM IST

मुंबई, 23 सितंबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के नेता आदित्य ठाकरे ने बुधवार को दिवंगत अभिनेता की मैनेजर दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान से माफी मांगने से इनकार कर दिया और उनके आरोपों को ‘आधारहीन’ बताते हुए खारिज कर दिया।

सतीश ने पिछले हफ्ते ठाकरे को 500 करोड़ रुपये का मानहानि का नोटिस भेजा था।

ठाकरे ने वकील अंशुमन सिन्हा के माध्यम से भेजे गए अपने जवाब में कहा कि उनके सोशल मीडिया पोस्ट में सतीश सालियान का नाम तक नहीं लिया गया था।

सतीश सालियान ने 17 सितंबर को शिवसेना (उबाठा) के विधायक को एक नोटिस भेजा था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि ठाकरे ने पिछले दिनों ‘एक्स’ पर अंग्रेजी और मराठी में साझा किए गए दो पोस्ट में उनकी मानहानि की थी।

आदित्य के जवाब में कहा, ‘मेरे मुवक्किल के पोस्ट उन राजनीतिक अभिनेताओं, निहित स्वार्थों और मीडिया के कुछ वर्गों द्वारा चलाए जा रहे निरंतर अभियान को संबोधित करते हैं जिन्होंने दो एसआईटी जांचों में कोई सत्यापित सबूत पेश किए बिना बार-बार उनके नाम को इस दुखद मामले से जोड़ा है।’

इसमें यह भी कहा गया कि उन्होंने सतीश सालियन के बारे में कोई मानहानिकारक बयान नहीं दिया है।

जवाब में कहा गया, “असल चिंता यह है कि अपने हित साधने की कोशिश कर रहे लोग इस दुखद घटना का राजनीतिक रूप से इस्तेमाल कर रहे हैं।”

इसमें कहा गया कि ठाकरे अपने पहले के उस सार्वजनिक बयान पर अभी भी कायम हैं कि वह न तो कभी दिशा सालियान से मिले थे और न ही उन्हें जानते थे।

भाषा

प्रचेता पवनेश

पवनेश