आंध्र मंत्रिमंडल ने 22,178 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को दी मंजूरी

Ads

आंध्र मंत्रिमंडल ने 22,178 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को दी मंजूरी

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 10:17 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 10:17 PM IST

अमरावती, 23 सितंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में 22,178 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों और चार नए पुलिस आयुक्तालयों के गठन को बुधवार को मंजूरी दी गई।

मंत्रिमंडल ने राज्य निवेश संवर्द्धन बोर्ड (एसआईपीबी) की 21वीं बैठक में मंजूर किए गए प्रस्तावों को स्वीकृति दी। इन परियोजनाओं से 19,739 रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘मंत्रिमंडल की आज हुई बैठक में एसआईपीबी की सिफारिशों के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कुल 22,177.8 करोड़ रुपये के निवेश को स्वीकृति दी गई। दक्षिणी राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए तिरुपति, गुंटूर, कुरनूल और राजामहेंद्रवरम में चार नए पुलिस आयुक्तालय बनाने को भी मंजूरी दी गई।’’

मंत्रिमंडल ने पलनाडु जिले के गमालापाडु गांव में नई सीमेंट विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए माई होम इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को विशेष प्रोत्साहन देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।

भाषा

यासिर अजय

अजय