सिल्क्यारा सुरंग बचाव अभियान पर फिल्म बनाएंगे आमिर खान, कबीर खान करेंगे निर्देशन
सिल्क्यारा सुरंग बचाव अभियान पर फिल्म बनाएंगे आमिर खान, कबीर खान करेंगे निर्देशन
मुंबई, 10 जुलाई (भाषा) अभिनेता आमिर खान ने शुक्रवार को अपनी नई प्रोडक्शन फिल्म ‘सिल्क्यारा 41’ की घोषणा की। यह फीचर फिल्म वर्ष 2023 में उत्तराखंड की सिल्क्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के बचाव अभियान पर आधारित है।
प्रशंसित फिल्मकार कबीर खान इस परियोजना से निर्देशक के रूप में जुड़े हैं। यह फिल्म आमिर खान प्रोडक्शंस, ऑस्ट्रेलिया की माइंड ब्लोइंग फिल्म्स और कबीर खान फिल्म्स के संयुक्त निर्माण में बन रही है।
ऑस्ट्रेलियाई पटकथा लेखक एंड्रयू अनास्तासियोस द्वारा लिखी गई ‘सिल्क्यारा 41’ फिल्म उस अभियान को दर्शाएगी, जिसमें कई एजेंसियों ने मिलकर बचाव कार्य किया था। इसके जरिए निर्माणाधीन सुरंग में दो सप्ताह से अधिक समय तक फंसे सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
ऑस्ट्रेलियाई पटकथा लेखक एंड्रयू अनास्तासियोस को ‘द वाटर डिवाइनर’ के लिए जाना जाता है।
यह फिल्म ऑस्ट्रेलियाई सुरंग विशेषज्ञ अर्नोल्ड डिक्स की भूमिका को भी उजागर करेगी, जो उस अंतरराष्ट्रीय टीम का हिस्सा थे, जिसने बचाव अभियान की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में मदद की थी।
आमिर खान ने कहा कि इस बचाव अभियान की कहानी बड़े पर्दे पर दिखाई जाने योग्य है।
अभिनेता-निर्माता आमिर खान ने एक बयान में कहा, ‘सिल्क्यारा सुरंग बचाव अभियान की कहानी ने मुझे काफी प्रभावित किया। यह असंभव जैसी परिस्थितियों के बीच साहस, दृढ़ता, सूझबूझ और मानवता की कहानी है। हमें विशेष रूप से इस ऐतिहासिक दिन पर इसकी घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है, जब भारत और ऑस्ट्रेलिया अपने द्विपक्षीय संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं।’
कबीर खान ने इस बचाव अभियान को हाल के वर्षों की सबसे असाधारण मानवीय कहानियों में से एक बताया।
फिल्मकार ने कहा, ‘इस परियोजना की ओर मुझे सबसे अधिक आकर्षित करने वाली बात इसका गहरा मानवीय पहलू था—वे जिंदगियां जो दांव पर लगी थीं, वे परिवार जो बेसब्री से इंतजार कर रहे थे और वे असाधारण लोग जो बचाव अभियान को संभव बनाने के लिए एक साथ आए। इस प्रेरणादायक सच्ची कहानी को पर्दे पर लाना मेरे लिए सम्मान की बात है।’
डिक्स ने कहा कि इस बचाव अभियान ने दिखाया कि लोग एकजुट होकर क्या कुछ हासिल कर सकते हैं।
नवंबर 2023 में उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिल्क्यारा-बड़कोट सुरंग का एक हिस्सा ढह जाने के बाद 41 श्रमिक उसमें फंस गए थे।
कई भारतीय एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की भागीदारी वाले 17 दिनों तक चले अभियान के बाद सभी श्रमिकों को सुरक्षित बचा लिया गया। यह अभियान देश के सबसे जटिल बचाव अभियानों में से एक बन गया।
आमिर खान प्रोडक्शंस इन दिनों सनी देओल अभिनीत विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी ड्रामा फिल्म ‘बंटवारा 1947’ की रिलीज का इंतजार कर रहा है।
फिल्म ‘बंटवारा 1947’ राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी है। इस फिल्म में प्रीति जिंटा, शबाना आजमी और अली फजल भी नजर आएंगे। यह फिल्म 13 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


