मुंबई में खिली धूप, हल्की से मध्यम बारिश की संभावना: आईएमडी
मुंबई में खिली धूप, हल्की से मध्यम बारिश की संभावना: आईएमडी
मुंबई, 10 जुलाई (भाषा) मुंबई में कई दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और भारी बारिश के बाद शुक्रवार सुबह तेज धूप निकली।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हालांकि शुक्रवार को दिन में शहर और उपनगरों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, शुक्रवार सुबह आठ बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान शहर में मामूली बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में मुंबई में 0.34 मिलीमीटर, पूर्वी उपनगरों में 0.75 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगरों में 0.16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बीएमसी ने बताया कि सुबह 8:22 बजे 3.69 मीटर और शाम 7:17 बजे 3.51 मीटर ऊंचा ज्वार आने की संभावना है तथा दोपहर 1:53 बजे 2.35 मीटर और शनिवार तड़के 2:13 बजे 0.93 मीटर निम्न ज्वार (भाटा) आने का अनुमान है।
इस महीने के पहले सप्ताह में मुंबई और आसपास के इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन, पेड़ गिरने और जलभराव की घटनाएं हुई थीं। इससे उपनगरीय रेल सेवाएं, बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम की बस सेवाएं और हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ था।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी

Facebook


