हिंगोली, 17 अगस्त (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके की ओर से महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित अपने पैतृक गांव के सरकारी स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की कमी उजागर किए जाने के बाद मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
दीपके अपने संगठन के अभियान ‘स्कूल ठीक करो’ की शुरुआत करने के लिए 15 अगस्त को संतुक पिंपरी गांव स्थित जिला परिषद द्वारा संचालित स्कूल पहुंचे थे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पैतृक गांव के स्कूल में ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने के बाद कॉजपा के संस्थापक ने स्कूल परिसर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं की टूटी खिड़कियों के शीशों की ओर ध्यान दिलाया और वहां अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी को भी उजागर किया।
दीपके के दौरे के तुरंत बाद स्थानीय ग्राम पंचायत हरकत में आई और सरकारी स्कूल में आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
संतुक पिंपरी के सरपंच विजय पुरी ने संवाददाताओं से कहा, “अभिजीत दीपके स्कूल आए थे और उन्होंने यहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिन बुनियादी सुविधाओं की कमियों की ओर ध्यान दिलाया था, उन्हें दूर करने का काम हमने शुरू कर दिया है। क्षतिग्रस्त खिड़कियों को बदला जा रहा है और खराब सीसीटीवी कैमरों की जगह नए कैमरे लगाए जा रहे हैं।”
सरपंच ने बताया, “हम खिड़कियों के नए फ्रेम लगवा रहे हैं। शौचालयों में पानी की कमी की समस्या भी थी। अब हमने शौचालयों में चौबीसों घंटे पानी की आपूर्ति की व्यवस्था कर दी है।”
राज्य के शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्कूल प्रबंधन को बुनियादी सुविधाओं की मरम्मत का काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
स्कूल के प्रधानाचार्य ने कहा, “हमें उच्च अधिकारियों से निर्देश मिले हैं और उनके निर्देशानुसार मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है।”
भाषा खारी माधव
माधव