अजित पवार विमान हादसा: बारामती विधानसभा क्षेत्र में जांच की मांग तेज

अजित पवार विमान हादसा: बारामती विधानसभा क्षेत्र में जांच की मांग तेज

अजित पवार विमान हादसा: बारामती विधानसभा क्षेत्र में जांच की मांग तेज
Modified Date: February 23, 2026 / 09:06 pm IST
Published Date: February 23, 2026 9:06 pm IST

पुणे, 23 फरवरी (भाषा) बारामती में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कार्यकर्ताओं और कई नागरिकों ने 28 जनवरी को हुई उस विमान दुर्घटना मामले की विस्तृत जांच की मांग सोमवार को की, जिसमें स्थानीय विधायक और उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।

लोग बारामती में प्रशासनिक भवन के बाहर इकट्ठा हुए और उनके हाथों में पवार की स्मृतियों से जुड़ी तख्तियां थीं।

एक निवासी ने कहा, ‘विमान दुर्घटना को 25 दिन हो गए हैं। घटना को लेकर संदेह बना हुआ है। रोहित पवार (राकांपा शप विधायक) जैसे नेताओं ने दुर्घटना के तकनीकी पहलुओं का विश्लेषण किया है और लोगों की ओर से विस्तृत जांच की मांग की गई है।’’

उन्होंने कहा कि इस बात की प्रबल भावना है कि जांच पारदर्शी और व्यापक तरीके से की जानी चाहिए।

एक अन्य निवासी ने कहा, ‘जांच में देरी से, चिंता है कि न्याय मिलेगा या नहीं।’

उन्होंने कहा कि विमान दुर्घटना की गहन जांच की मांग को लेकर उपमंडलीय मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन सौंपा गया है।

वहीं मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने कहा है कि महाराष्ट्र सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से विमान दुर्घटना मामले की सीबीआई जांच का आदेश देने का अनुरोध किया है।

फड़णवीस ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, महायुति सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि विमान दुर्घटना के संबंध में सभी संदेह दूर हों।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री और पुणे के सांसद मुरलीधर मोहोल ने कहा था कि विमान दुर्घटना पर प्रारंभिक रिपोर्ट 28 फरवरी या उससे पहले आ जाएगी।

भाषा शोभना माधव

माधव


लेखक के बारे में