प्रधानमंत्री की अपील के बीच विपक्ष ने फडणवीस से मंत्रियों के काफिले को कम करने को कहा
प्रधानमंत्री की अपील के बीच विपक्ष ने फडणवीस से मंत्रियों के काफिले को कम करने को कहा
मुंबई, 12 मई (भाषा) महाराष्ट्र में विपक्षी दलों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मितव्ययिता के आह्वान को लागू कर उदाहरण पेश करने का आग्रह किया और सुझाव दिया कि मंत्रियों को काफिले के बजाय एक ही कार का इस्तेमाल करना चाहिए।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और कांग्रेस के नेताओं ने कहा है कि मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी सुरक्षा व्यवस्था सीमित करनी चाहिए तथा सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना चाहिए या फिर उन्हें मिले सरकारी वाहनों का साझा तौर पर उपयोग करना चाहिए।
पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने हाल में लोगों से सोने की खरीद, विदेश यात्रा और पेट्रोलियम की खपत सीमित करने की अपील की। विपक्ष ने सत्ताधारी दल की इस मितव्ययिता संबंधी मांग को लेकर हमला बोला है।
राकांपा (शप) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने एक बयान में पूछा, “उन मंत्रियों के बारे में क्या (कहा जाए) जो 20 से 30 वाहनों के काफिले में यात्रा करते हैं?”
पूर्व मंत्री ने ध्यान दिलाया कि महाराष्ट्र में मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और यहां तक कि सत्तारूढ़ दलों के विधायक भी कई वाहनों और व्यापक सुरक्षा प्रबंध के साथ चलते हैं।
उन्होंने फडणवीस से अपील की कि ‘प्रधानमंत्री के निर्देश को एक आदेश की तरह माने’।
उन्होंने कहा कि सरकार को मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिले को एक ही वाहन तक सीमित करके और उसके साथ एक सुरक्षा गार्ड को शामिल करके एक उदाहरण पेश करना चाहिए।
पाटिल ने कहा, ‘मध्यम वर्ग हमेशा त्याग करने के लिए तैयार रहता है, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों को भी ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के सिद्धांत को व्यवहार में लाना होगा।’
महाराष्ट्र में कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने सुझाव दिया है कि यदि सरकार मितव्ययिता और त्याग को बढ़ावा देने के प्रति गंभीर है, तो उसे सबसे पहले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) पर तत्काल प्रतिबंध लगाना चाहिए और मंत्रियों को मिलने वाले विशेषाधिकारों में भारी कटौती करनी चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि चार से पांच मंत्री एक ही वाहन में साथ-साथ यात्रा कर सकते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मंत्रियों को चार्टर्ड विमानों, हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करना बंद कर देना चाहिए साथ ही उन्हें विदेश यात्राओं पर भी नहीं जाना चाहिए।
कांग्रेस की मुंबई इकाई के अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ने भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष अमित साटम पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि उन्होंने मानसून-पूर्व नाला सफाई कार्यों के निरीक्षण के दौरान 25 वाहनों के काफिले का इस्तेमाल किया।
वर्षा ने कहा कि भाजपा नेता का यह कदम ईंधन संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री द्वारा बार-बार की जा रही अपीलों के पूरी तरह विपरीत है।
उन्होंने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री की सलाह सिर्फ आम नागरिकों के लिए है, जबकि सत्ताधारी दल के नेता लगातार ‘शानो-शौकत वाले आधिकारिक दौरे’ कर रहे हैं।
शिवसेना (उबाठा) के नेता आदित्य ठाकरे ने प्रधानमंत्री के मितव्ययिता के आह्वान को ‘केंद्र सरकार की विफलता’ करार दिया है।
भाषा
प्रचेता माधव
माधव

Facebook


