‘घातक घुस के मारेगा’ के लिए राजकुमार संतोषी और सनी देओल फिर आएंगे साथ
'घातक घुस के मारेगा' के लिए राजकुमार संतोषी और सनी देओल फिर आएंगे साथ
मुंबई, 30 अगस्त (भाषा) फिल्म निर्माता राजकुमार संतोषी ने कहा कि वह अपनी आगामी ‘एक्शन-ड्रामा’ फिल्म ‘घातक घुस के मारेगा’ के लिए अभिनेता सनी देओल के साथ फिर काम करने जा रहे हैं।
संतोषी ने कहा कि फिल्म में सनी देओल 1990 के दशक की चर्चित फिल्म ‘घातक’ के अपने लोकप्रिय किरदार के अंदाज में नजर आएंगे।
निर्देशक-अभिनेता की यह जोड़ी हाल में रिलीज हुई देश के विभाजन पर आधारित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ में साथ नजर आई थी। करीब 30 साल बाद दोनों ने फिर से साथ काम किया। इससे पहले 1990 के दशक में दोनों ने ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी सफल फिल्मों में साथ काम किया था।
संतोषी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘सनी और मैं कुछ कहानियों पर काम कर रहे हैं और जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा करेंगे। फिल्म में भरपूर एक्शन है। इसका नाम ‘घातक घुस के मारेगा’ है। यह ‘घातक’ की अगली कड़ी नहीं है, लेकिन इसमें किरदार वही है और वह बनारस का रहने वाला है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सनी के प्रशंसक बहुत खुश होंगे, क्योंकि इस नयी फिल्म में एक्शन, दमदार संवाद और भावनाएं हैं। इसके अलावा सनी के साथ दो-तीन और कहानियां भी विचाराधीन हैं। मसलन, एक फिल्म में सनी अमेरिका में रहने वाले एक सरदार की भूमिका निभा रहे हैं। यह भी एक एक्शन-ड्रामा फिल्म है।’’
संतोषी के निर्देशन में बनी 1996 की ‘घातक’ एक ऐसे ईमानदार और न्यायप्रिय व्यक्ति की कहानी थी, जो अपने समुदाय में आतंक फैलाने वाले खूंखार अपराधी के खिलाफ खड़ा होता है।
संतोषी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह सनी देओल की 2025 में आई फिल्म ‘जाट’ की अगली कड़ी ‘जाट 2’ का निर्देशन नहीं कर रहे हैं।
‘जाट’ का निर्देशन गोपीचंद मालिनेनी ने किया था। फिल्म में रणदीप हुड्डा और विनीत कुमार सिंह ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं।
‘जाट 2’ के बारे में पूछे जाने पर संतोषी ने कहा, ‘‘मैंने इसके लिए मना कर दिया, क्योंकि मैं सिर्फ एक भाग वाली फिल्म बनाने में विश्वास रखता हूं।’’
इसके अलावा, संतोषी अपनी 1994 की चर्चित हास्य फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ की शैली में एक नयी फिल्म पर भी काम कर रहे हैं। आमिर खान और सलमान खान अभिनीत उस फिल्म ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी।
संतोषी ने कहा कि इस फिल्म का नाम ‘अदा अपनी अपनी’ है और यह ‘अंदाज अपना अपना’ की अगली कड़ी नहीं है।
यह पूछे जाने पर कि क्या आमिर खान और सलमान खान भी नयी फिल्म में नजर आएंगे, संतोषी ने न तो इसकी पुष्टि की और न ही इससे इनकार किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हम इस संबंध में जल्द ही घोषणा करेंगे।’’
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


