आंध्र प्रदेश को 2047 तक 3,400 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है लक्ष्य: राज्यपाल
आंध्र प्रदेश को 2047 तक 3,400 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है लक्ष्य: राज्यपाल
अमरावती, 11 फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने बुधवार को विधानमंडल में कहा कि राज्य सरकार 2047 तक 55 लाख रुपये प्रति व्यक्ति आय वाली 308 लाख करोड़ रुपये (3400 अरब अमेरिकी डॉलर) की अर्थव्यवस्था के निर्माण के वास्ते सतत उच्च वृद्धिदर हासिल करने के लिए संकल्पित है।
विपक्षी दल का दर्जा मांग रहे युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के विधायकों और अन्य लोगों द्वारा की गई नारेबाजी के बीच विधानमंडल का संयुक्त सत्र यहां राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ।
पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व में वाईएसआरसीपी के विधायकों ने बाद में सदन से बहिर्गमन किया।
रेड्डी लगभग एक साल बाद सदन में आये थे। इससे पहले वह 24 फरवरी 2025 को सदन में आए थे।
राज्यपाल ने कहा, ‘‘सरकार ने एकाग्रता और दृढ़ संकल्प के साथ आगे कदम बढ़ाया है। ‘स्वर्ण आंध्र विजन’ एक स्पष्ट आर्थिक मार्ग निर्धारित करता है जिसका लक्ष्य 2047 तक 55 लाख रुपये प्रति व्यक्ति आय वाली 308 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था का निर्माण करना है तथा इसके लिए लगातार विकास की उच्च दर हासिल की जाएगी।’’
वित्त वर्ष 2026 के पहले अग्रिम अनुमानों का हवाला देते हुए नज़ीर ने कहा कि आंध्र प्रदेश का अनुमानित सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) पिछले वर्ष के 15.9 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 17.6 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जो 10.7 प्रतिशत की आंशिक वृद्धि है।
उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय पिछले वर्ष के 2.66 लाख रुपये की तुलना में बढ़कर 2.95 लाख रुपये हो गई है और यह वृद्धि कृषि एवं संबंधित क्षेत्र में 7.83 प्रतिशत, उद्योग में 9.53 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र में 12.94 प्रतिशत के मजबूत प्रगति से हुई है।
राज्यपाल के अनुसार, कृषि, उद्योग और सेवाओं में पुनरुद्धार के कारण राज्य की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत विकास पथ पर लौट रही है।
उन्होंने कहा कि 2024 में सत्ता में आने के पहले ही वर्ष से राज्य सरकार ने अपनी प्रतिबद्धताओं को लागू करने के लिए तेजी से कदम उठाए हैं जिसकी शुरुआत ‘‘सुपर सिक्स’’ गारंटी को ‘‘सुपर-हिट’’ बनाकर की गई।
उन्होंने कहा कि ‘‘थल्लिकी वंदनम’’ के माध्यम से प्रति वर्ष 15,000 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे 66 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं की माताओं के बैंक खातों में अंतरित की जाती है, जिससे वे वित्तीय तनाव के बिना शिक्षा प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि पिछले स्वतंत्रता दिवस पर शुरू की गई ‘‘स्त्री शक्ति’’ मुफ्त बस यात्रा योजना ने राज्य भर में महिलाओं और तृतीय लिंगियों की 37.8 करोड़ मुफ्त यात्राओं को संभव बनाया है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति कल्याण के प्रति तेलुगु देशम पार्टी (तेदपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का दृष्टिकोण निष्पक्षता और समावेशन पर आधारित है।
नज़ीर ने कहा कि आंध्र प्रदेश ने घटती प्रजनन दर और तेजी से बढ़ती बुजुर्ग जनसंख्या के सिलसिले में साक्ष्य-आधारित प्रतिक्रिया के रूप में एक व्यापक जनसंख्या प्रबंधन ढांचा पेश किया है।
राज्यपाल ने कहा कि सरकार सिंचाई प्रणाली की रीढ़ माने जाने वाली पोलावरम परियोजना को पूरा करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और इसे जून 2027 से पहले पूरा करने का उसका दृढ़ निश्चय है।
अमरावती की नवविकसित राजधानी का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रमुख बुनियादी ढांचागत कार्यों के लिए वित्तीय व्यवस्था हो जाने से इसका पुनर्निर्माण नई गति से किया जा रहा है।
‘पीटीआई-भाषा’ को एक सूत्र ने बताया कि आज से शुरू हुए सत्र की कार्यवाही सात मार्च तक जारी रहने की संभावना है।
भाषा यासिर राजकुमार
राजकुमार

Facebook


