आंध्र प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और जगन ने कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और जगन ने कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी
अमरावती, 26 जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के अध्यक्ष वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों को रविवार को कारगिल विजय दिवस पर श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में वीरता से लड़ते हुए मातृभूमि की रक्षा की।
नजीर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उनका अदम्य साहस और अटूट संकल्प साहस, देशभक्ति और निःस्वार्थ सेवा की भावना से युवाओं को प्रेरित करता रहेगा।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारत की जीत सुनिश्चित करने वाले वीर सैनिकों के असाधारण साहस को श्रद्धापूर्वक नमन करने का अवसर है।
नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दुर्गम इलाके और लगातार कठिनाइयों के बावजूद वे देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए डटे रहे। उनका सर्वोच्च बलिदान और उनकी बेमिसाल वीरता पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी तथा देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का चिरस्थायी प्रतीक बनी रहेगी।’’
जगन ने कहा कि कारगिल विजय दिवस उन वीर सैनिकों को सम्मान देने का दिन है जिनके अटूट संकल्प, बेमिसाल साहस और सर्वोच्च बलिदान ने देश की संप्रभुता की रक्षा की।
जगन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उनका असाधारण शौर्य भारतीयों की पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। हम अपने सशस्त्र बलों को सलाम करते हैं और मातृभूमि की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को गहरी कृतज्ञता के साथ याद करते हैं। जय हिंद!’’
वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारत की जीत की स्मृति और देश की रक्षा में प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों के सम्मान में हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है।
भाषा सिम्मी
सिम्मी

Facebook


