महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामला: बिहार से ‘मुख्य साजिशकर्ता और सहयोगी’ गिरफ्तार
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामला: बिहार से 'मुख्य साजिशकर्ता और सहयोगी' गिरफ्तार
ठाणे, 25 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 पेपर लीक मामले के कथित मुख्य साजिशकर्ता और एक अन्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। ठाणे पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
भिवंडी जोन-दो के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पवन बंसोडे ने बताया कि मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कथित सरगना विजयेंद्रकुमार उर्फ बिजेंद्र कुमार गुप्ता और उसके सहयोगी इंद्रजीत सिंह को शुक्रवार को बिहार के समस्तीपुर से पकड़ा।
बंसोडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इन गिरफ्तारियों के साथ ही मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
उन्होंने बताया कि गुप्ता और सिंह को शनिवार को पहले पुणे लाया गया और इसके बाद भिवंडी लाया गया। स्थानीय अदालत ने दोनों आरोपियों को 30 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत

Facebook


