मुंबई में ‘बेस्ट’ बस कई वाहनों से टकरायी, तीन लोग हुए घायल
मुंबई में ‘बेस्ट’ बस कई वाहनों से टकरायी, तीन लोग हुए घायल
मुंबई, 17 अगस्त (भाषा) मुंबई के अंधेरी इलाके में सोमवार दोपहर एक ‘बेस्ट’ इलेक्ट्रिक बस छह वाहनों से टकरा गई जिसमें तीन लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पूर्वाह्न के समय हुई जब ‘बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट’ (बेस्ट) की ‘वेट-लीज’ बस गोखले ब्रिज सिग्नल पर खड़ी थी।
बेस्ट के एक बयान के अनुसार चालक द्वारा ‘हैंडब्रेक’ छोड़ते ही बस अचानक आगे बढ़ गई और सामने खड़े चार ऑटो-रिक्शा, एक कार और एक स्कूटर से जा टकराई।
अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में एक ऑटोरिक्शा चालक, एक पदयात्री एवं एक स्कूटर सवार घायल हो गये।
अधिकारियों ने बताया कि पीड़ितों में एनस शेख (55) की नाक में चोट लगी है, मनोजकुमार बाजदेव (30) की गर्दन पर चोट लगी है और अनीस निसार धारी (20) की कमर में चोट लगी है।
उन्होंने बताया कि अंधेरी बस स्टेशन (वेस्ट) से वर्सोवा बस स्टेशन तक चलने वाली 12 मीटर लंबी ई-बस, निजी बस संचालक पीएमआई की थी।
अधिकारियों ने बताया कि कंपनी ने अब तक बेस्ट को लीज़ पर लगभग 150 बसें दी हैं।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


