अनिल काकोदकर ने समग्र शिक्षा को एनईपी के साथ जोड़ने का समर्थन किया
अनिल काकोदकर ने समग्र शिक्षा को एनईपी के साथ जोड़ने का समर्थन किया
ठाणे, 27 जुलाई (भाषा) परमाणु भौतिक विज्ञानी अनिल काकोदकर ने शनिवार को समग्र शिक्षा को नयी शिक्षा नीति (एनईपी) के साथ जोड़ने के महत्व पर जोर दिया।
ठाणे में एक कार्यक्रम में काकोदकर ने सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल के बीच अंतर को पाटने की आवश्यकता पर जोर दिया।
भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क) के पूर्व निदेशक ने कहा कि रूस के उच्च कुशल शिक्षाविदों ने सैद्धांतिक विशेषज्ञता और व्यावहारिक समस्या-समाधान क्षमताओं का प्रदर्शन किया है।
काकोदकर ने कहा, ‘‘एनईपी के साथ समग्र शिक्षा को संरेखित करना महत्वपूर्ण है। इस्लामिक विश्वविद्यालय (कश्मीर में) के छात्र अपने स्वयं के डिग्री पाठ्यक्रम डिजाइन करते हैं। इस तरह के लचीलेपन की आवश्यकता है। एनईपी छात्र-केंद्रित कार्यक्रमों और पसंद-आधारित क्रेडिट प्रणाली पर ध्यान केंद्रित करती है जो छात्रों को अलग-अलग क्षेत्र से पाठ्यक्रमों को संयोजित करने की अनुमति देती है।’’
उन्होंने वास्तविक दुनिया की चुनौतियों से निपटने में समस्या-समाधान कौशल और बहु-विषयक ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भौतिकी, रसायन विज्ञान, कला, मानविकी और प्रौद्योगिकी जैसे विभिन्न विषयों के एकीकरण का प्रस्ताव रखा।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


