गुर्दे में संक्रमण के कारण अन्ना हजारे अस्पताल में भर्ती
गुर्दे में संक्रमण के कारण अन्ना हजारे अस्पताल में भर्ती
मुंबई, एक सितंबर (भाषा) सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की रक्त जांच रिपोर्ट में गुर्दे में संक्रमण के संकेत मिलने के बाद उन्हें मंगलवार को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हजारे के एक सहयोगी ने यह जानकारी दी।
चिकित्सक डॉ. गौतम भंसाली ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हजारे की हालत स्थिर है और वह ठीक हो रहे हैं। उन्होंने बताया, ‘‘वह अब बेहतर और स्थिर हैं।’’
उनके सहयोगी दत्ता आवारी ने बताया कि 89 वर्षीय हजारे को सोमवार रात दक्षिण मुंबई स्थित बॉम्बे अस्पताल लाया गया। इससे पहले, उन्हें शुरुआती इलाज के लिए अहिल्यानगर जिले में उनके पैतृक गांव रालेगण सिद्धि के एक स्थानीय चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया था।
आवारी ने कहा, ‘‘अन्ना की रक्त जांच रिपोर्ट के अनुसार उन्हें गुर्दे में संक्रमण है, लेकिन अब उनकी हालत ठीक है।’’
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मंगलवार शाम को बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचे और हजारे के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इससे पहले दिन में, जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल भी कार्यकर्ता के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंचे थे।
बॉम्बे अस्पताल के डॉक्टर हजारे की स्वास्थ्य स्थिति का विस्तृत आकलन कर रहे थे।
आवारी ने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे को पिछले सप्ताह अहिल्यानगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था।
सेना में सेवा देने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता बने हजारे ने पिछले कई वर्षों में ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने, सरकारी कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए कई आंदोलनों का नेतृत्व किया है।
हजारे के नेतृत्व में 2011 में हुआ भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन नयी दिल्ली में हुए सबसे बड़े जन आंदोलनों में से एक है। मजबूत लोकपाल कानून की मांग को लेकर उनके 13 दिन के अनशन के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुटे थे।
अन्ना हजारे को देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से भी सम्मानित किया जा चुका है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


