अमरावती, 10 मार्च (भाषा) एपीएनआरटीएस के अध्यक्ष रवि कुमार पी वेमुरु ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम एशिया में फंसे करीब 2,000 पारगमन यात्री और पर्यटक वीजा पर गए तेलुगु भाषी लोग अपने घर लौट आए हैं।
‘आंध्र प्रदेश नॉन रेजिडेंट तेलुगु सोसाइटी’ (एपीएनआरटीएस) के अध्यक्ष ने कहा कि उनमें से कुछ को सरकार वापस लेकर आई है, जबकि अन्य लोग खुद ही हवाई जहाज से वापस आ गए।
वेमुरु ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, ‘पारगमन करने वाले कई यात्री और विजिटर वीजा पर आए लोग पहले ही वापस आ चुके हैं। शायद दो हजार लोग। उनमें से कुछ को सरकार वापस ले आई और कई लोग खुद ही वापस आ गए।’
उन्होंने कहा कि बहरीन में अब भी लगभग 70 लोग मौजूद हैं, जो कुछ दिनों में वापस आ जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध में राज्य का कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है और वे स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
वेमुरु ने कहा कि अगर ये मार्ग बंद हो जाते हैं, तो राज्य के बहुत से लोगों की नौकरी चली जाएगी। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों की सरकारें और कंपनियां फिलहाल उनकी देखभाल कर रही हैं।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप