निर्वाचन आयोग ने आंध्र प्रदेश में गणना प्रपत्रों को ऑनलाइन जमा करने की सुविधा शुरू की

Ads

निर्वाचन आयोग ने आंध्र प्रदेश में गणना प्रपत्रों को ऑनलाइन जमा करने की सुविधा शुरू की

  •  
  • Publish Date - June 16, 2026 / 08:46 PM IST,
    Updated On - June 16, 2026 / 08:46 PM IST

अमरावती, 16 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विवेक यादव ने मंगलवार को कहा कि निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गणना प्रपत्रों को ऑनलाइन भरने और जमा करने की सुविधा शुरू कर दी है।

निर्वाचन आयोग ने राज्य में मतदाता सूची के एसआईआर के तहत 15 जून से गणना प्रक्रिया शुरू की है, जो 14 जुलाई तक चलेगी।

यादव ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ईसीआई ने गणना प्रपत्र को ऑनलाइन भरने और जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। इससे मतदाता बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) के घर आने की प्रतीक्षा किए बिना अपने विवरण का मिलान मौजूदा मतदाता सूची से कर सकते हैं।’’

उन्होंने कहा कि ‘ई-साइन’ के माध्यम से ऑनलाइन प्रपत्र जमा करने के लिए मतदाता का मोबाइल नंबर, मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी व वोटर आईडी) से जुड़ा होना चाहिए और उसका नाम आधार कार्ड में दर्ज नाम से पूरी तरह मेल खाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि मतदाता पहचान पत्र और आधार कार्ड में नाम के अक्षरों में कोई अंतर होगा तो डिजिटल ई-साइन सफल नहीं होगा। ऐसी स्थिति में मतदाता को अपना प्रपत्र बीएलओ के माध्यम से भौतिक रूप से जमा करना होगा।

राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होने के महज दो वर्ष बाद निर्वाचन आयोग एक जुलाई, 2026 को पात्रता तिथि मानकर यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चला रहा है।

यह अभियान आंध्र प्रदेश के 28 जिलों और 175 विधानसभा क्षेत्रों के लगभग 4.16 करोड़ मतदाताओं को शामिल करेगा।

भाषा प्रचेता प्रशांत

प्रशांत