बारामती विमान दुर्घटना: केंद्रीय मंत्री मोहोल ने कहा कि अंतिम रिपोर्ट पर काम शुरू हो गया
बारामती विमान दुर्घटना: केंद्रीय मंत्री मोहोल ने कहा कि अंतिम रिपोर्ट पर काम शुरू हो गया
पुणे, छह मार्च (भाषा) केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत का कारण बने बारामती विमान हादसे की अंतिम रिपोर्ट पर काम शुरू हो गया है।
पुणे में पत्रकारों से बातचीत में मोहोल ने कहा कि अंतिम रिपोर्ट मिलने तक जांच पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘नियमों के अनुसार किसी भी विमान हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट घटना के एक महीने के भीतर जमा कर देनी चाहिए। इस विमान हादसे में प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी गई है। कई अन्य एजेंसियां भी जांच कर रही हैं, इसलिए अब अंतिम रिपोर्ट पर काम शुरू हो गया है।’’
विमानन कंपनी वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित एक लेयरजेट 45 विमान 28 जनवरी की सुबह बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी।
‘विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो’ ने इस हादसे पर अपनी 22 पन्नों की प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा है कि हादसे के समय दृश्यता निर्धारित स्तर से कम थी। इसमें रनवे पर मौजूद निशानों के धुंधले होने और रनवे की सतह पर ढीली बजरी की मौजूदगी की ओर भी ध्यान दिलाया गया।
इस मामले की जांच कर रहे महाराष्ट्र के अपराध जांच विभाग ने कहा है कि उसका ध्यान इस बात का पता लगाने पर है कि क्या तोड़फोड़ या आपराधिक लापरवाही के कारण यह त्रासदी हुई थी।
भाषा संतोष मनीषा
मनीषा

Facebook


