बिल गेट्स नायडू के साथ करेंगे स्वास्थ्य और कृत्रिम मेधा में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
बिल गेट्स नायडू के साथ करेंगे स्वास्थ्य और कृत्रिम मेधा में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
अमरावती, 16 फरवरी (भाषा) माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स सोमवार को आंध्र प्रदेश के दौरे पर आएंगे और मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के साथ स्वास्थ्य और कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।
गेट्स सुबह राज्य सचिवालय पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री नायडू, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से मुलाकात करेंगे।
राज्य के शहरी निकाय मंत्री पी नारायण ने रविवार को बताया, ‘‘गेट्स अमरावती आएंगे और नायडू के साथ स्वास्थ्य व कृत्रिम मेधा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने गेट्स से राज्यभर में जारी स्वास्थ्य पहलों को विस्तार देने का अनुरोध किया है और चर्चा में एआई पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
गेट्स फाउंडेशन चित्तूर जिले के कुप्पम में स्वास्थ्य संबंधी परियोजनाओं पर पहले से ही काम कर रहा है और माना जा रहा है कि इन पहलों को राज्य भर में विस्तार देने पर विचार किया जाएगा।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, बाद में गेट्स ‘रियल टाइम गवर्नेंस सिस्टम’ (आरटीजीएस) का अवलोकन करेंगे, जहां वे शासन में प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल को देखेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री नायडू इस प्रणाली के काम करने का तरीका और परिणाम दिखाएंगे।
सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ‘‘स्वर्ण आंध्र 2047’’ दृष्टिकोण और चिकित्सा प्रौद्योगिकी, निदान सेवाओं और स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटलीकरण कार्यक्रम संजीवनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए सुधारों पर भी प्रस्तुति देंगे।
सचिवालय में इन कार्यक्रमों के बाद, गेट्स और उनकी टीम अमरावती के उंडावल्ली गांव में स्थित एक कृषि केंद्र जाएगी, जहां वे ड्रोन और एआई के उपयोग का अवलोकन करेंगे।
मंत्री पी नारायण ने कहा कि गेट्स इससे पहले अविभाजित आंध्र प्रदेश का दो बार दौरा कर चुके हैं, और यह दौरा मुख्यमंत्री नायडू द्वारा राज्य सरकार के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए दिए गए आमंत्रण के बाद हो रहा है।
भाषा खारी शोभना
शोभना

Facebook


