भाजपा एमएलसी लाड ने जरांगे से मुलाकात की, मराठा आरक्षण मुद्दे पर बातचीत की अपील की
भाजपा एमएलसी लाड ने जरांगे से मुलाकात की, मराठा आरक्षण मुद्दे पर बातचीत की अपील की
जालना, 22 मई (भाषा) भाजपा नेता एवं महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) के सदस्य प्रसाद लाड ने महाराष्ट्र के जालना जिले में शुक्रवार को मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे से मुलाकात की और आरक्षण के मुद्दे पर बातचीत की पेशकश की। जरांगे ने मराठा आरक्षण को लेकर फिर से आंदोलन का आह्वान किया है।
एमएलसी प्रसाद लाड ने मुंबई से लगभग 400 किलोमीटर दूर स्थित कार्यकर्ता मनोज जरांगे के गांव अंतरवाली सराटी में उनसे मुलाकात की।
बातचीत के दौरान लाड ने स्वीकार किया कि उनके और जरांगे के बीच पहले वैचारिक मतभेद थे और उन्होंने सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे की आलोचना भी की थी। हालांकि उन्होंने कहा कि उनका हमेशा से यही मत रहा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मराठा समुदाय के लिए जितना काम किया है, उतना पिछले 70 वर्षों में किसी भी अन्य नेता ने नहीं किया।
लाड ने कहा, ‘‘हमारे बीच कुछ गलतफहमियां हो सकती हैं। मैंने दादा (जरांगे) से बार-बार अपील की कि वे समझें कि देवेंद्र फडणवीस ने मराठा समुदाय के लिए क्या किया है। अपने हालिया संवाददाता सम्मेलन में भी जरांगे ने फडणवीस की सराहना की थी। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी समुदाय के लिए काम किया है।’’
जरांगे द्वारा 30 मई से एक और आंदोलन शुरू करने के आह्वान का जिक्र करते हुए लाड ने कहा कि उन्होंने मीडिया के माध्यम से अपील की थी कि भीषण गर्मी, बुवाई का मौसम और स्कूलों की छुट्टियों के कारण यह समय उपयुक्त नहीं है।
लाड ने कहा कि वह एमएलसी या भाजपा नेता के तौर पर नहीं बल्कि मराठा समुदाय के कार्यकर्ता के रूप में आए हैं। उन्होंने कहा कि पारिवारिक समस्याओं के बावजूद उन्होंने जरांगे का निमंत्रण स्वीकार किया और बताया कि उनके रिश्तेदार अस्पताल में भर्ती हैं।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उठाए गए कुछ मुद्दे हल हो गए हैं, लेकिन कुछ अब भी लंबित हैं। लाड ने जरांगे से पूछा कि क्या वह सरकार और आंदोलनकारियों के बीच सेतु के रूप में काम कर सकते हैं।
उन्होंने पूछा, ‘‘क्या मैं आपका संदेशवाहक बन सकता हूं? क्या मैं अपने प्रयासों से लंबित मुद्दों को सुलझाने में मदद कर सकता हूं?’’
बैठक के बाद जरांगे ने पत्रकारों को बताया कि लाड उनसे इस मामले को सुलझाने के लिए मिलना चाहते थे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उनका स्वागत किया क्योंकि वह इस मुद्दे को सुलझाना चाहते थे। मैंने उन्हें मुख्यमंत्री तक अपनी मांगें पहुंचाने का अवसर दिया है।’’
बैठक से पहले, जरांगे ने कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से आने वाले किसी भी व्यक्ति का स्वागत करेंगे। जरांगे ने कहा, ‘‘उन्होंने (लाड ने) हमें आश्वासन दिया है कि हमारी मांगें शत प्रतिशत पूरी की जाएंगी और हमें उनके आश्वासन पर पूरा भरोसा है। हमें प्रसाद लाड पर विश्वास है।’’
जरांगे ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि वह समुदाय की ‘‘अपूर्ण’’ मांगों को लेकर 30 मई से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे और महाराष्ट्र सरकार को मराठवाड़ा में कुनबी जाति प्रमाण पत्र वितरित करने के लिए 29 मई की समय सीमा दी।
कार्यकर्ता सभी मराठों को कुनबी समुदाय के तौर पर मान्यता दिए जाने की मांग कर रहे हैं जो ओबीसी श्रेणी में शामिल एक कृषि प्रधान जाति है। कुनबी समुदाय के तौर पर मान्यता मिलने से वे सरकारी नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण के पात्र हो जाएंगे।
जरांगे से मुलाकात से पहले लाड बृहस्पतिवार को छत्रपति संभाजीनगर पहुंचे। उन्होंने मीडियाकर्मियों को बताया कि उन्हें फोन पर धमकी देने के आरोप में दो लोगों को छत्रपति संभाजीनगर में हिरासत में लिया गया है। एमएलसी ने कहा कि उन्हें पिछले दो-तीन दिन से धमकी भरे फोन आ रहे थे।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘फोन करने वालों ने कहा, ‘हम सर (प्रसाद लाड) को नहीं छोड़ेंगे, हमें पता है कि वह कहां ठहरे हैं, यहां तक कि हमें कमरे का नंबर भी पता है।’’
लाड ने बताया कि उन्होंने इसके बाद छत्रपति संभाजीनगर, बीड और जालना जिलों के पुलिस प्रमुखों को सूचना दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने छत्रपति संभाजीनगर के सिडको क्षेत्र से दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति फरार है।
लाड ने कहा, ‘‘जब भी हम किसी नेक काम के लिए निकलते हैं, कोई न कोई बाधा डालने की कोशिश करता है। मैं यहां मनोज जरांगे से मिलने आया हूं। मैं जरांगे से भाई की तरह बात करूंगा।’’
भाषा सुरभि वैभव
वैभव

Facebook


