साइबर ठगों ने बॉलीवुड अभिनेता आफताब शिवदासानी से डेढ़ लाख रुपये ठगे

साइबर ठगों ने बॉलीवुड अभिनेता आफताब शिवदासानी से डेढ़ लाख रुपये ठगे

साइबर ठगों ने बॉलीवुड अभिनेता आफताब शिवदासानी से डेढ़ लाख रुपये ठगे
Modified Date: October 10, 2023 / 03:37 pm IST
Published Date: October 10, 2023 3:37 pm IST

मुंबई, 10 अक्टूबर (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता आफताब शिवदासानी से साइबर ठगों ने निजी बैंक के उनके खाते की जानकारियों को अद्यतन कराने के नाम पर 1.5 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

बांद्रा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार को हुई तथा अगले दिन इसके संबंध में मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘ अभिनेता को किसी अज्ञात मोबाइल नंबर से संदेश मिला। उस संदेश में उन्हें बैंक से संबंधित केवाईसी (अपने ग्राहक को जानो) जानकारियां अद्यतन कराने का निर्देश दिया गया था और ऐसा नहीं होने पर खाते को निलंबित किए जाने की चेतावनी दी गई थी। शिवदासानी ने उस संदेश में उल्लेखित लिंक पर क्लिक किया। इसके बाद उन्होंने अन्य निर्देशों का पालन किया जिसके बाद उन्हें संदेश आया कि उनके खाते से 1,49,999 रुपये निकल गये हैं।’’

अधिकारी ने बताया कि तब शिवदासानी ने सोमवार को बैंक प्रबंधक से संपर्क किया और उनकी सलाह के आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज करायी।

उन्होंने कहा धारा 420 (ठगी) समेत भादंसं और सूचना प्रौद्योगिकी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा इसकी जांच की जा रही है।

शिवदासानी ‘मस्त’, ‘मस्ती’, ‘हंगामा’ समेत कई बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं।

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में