बजट विकसित भारत के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में निर्णायक कदम : शिंदे

बजट विकसित भारत के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में निर्णायक कदम : शिंदे

बजट विकसित भारत के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में निर्णायक कदम : शिंदे
Modified Date: February 1, 2026 / 04:08 pm IST
Published Date: February 1, 2026 4:08 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

ठाणे, एक फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि केंद्रीय बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है तथा यह देश की वित्तीय राजधानी मुंबई एवं राज्य के शेष हिस्सों को भी महत्वपूर्ण मजबूती प्रदान करता है।

रविवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवीं बार बजट पेश किया, जो एक रिकॉर्ड है।

शिंदे ने बुनियादी ढांचे पर ध्यान केंद्रित करने और सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रमुख विकास इंजन के रूप में काम करेगा। उन्होंने शहरी विकास विशेष रूप से छोटे शहरों के विकास में महत्वपूर्ण निवेश की भी प्रशंसा की।

शहरी विकास विभाग के प्रभारी उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर शहरीकरण हो रहा है। ‘टियर-टू’ और ‘टियर-थ्री’ शहरों के विकास में तेज़ी लाने की घोषणा, साथ ही शहर के विकास के लिए 12 लाख करोड़ रुपये का फंड, हमारे शहरी केंद्रों का चेहरा बदल देगा। नगर निगम बांड पर 100 करोड़ रुपये की छूट राज्य के नगर निगमों को मजबूत करने वाला कदम है।’’

उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर के लिए 40,000 करोड़ रुपये, बायोफार्मा के लिए 10,000 करोड़ रुपये के प्रावधान के साथ-साथ वस्त्र, हथकरघा और हस्तशिल्प में उन्नत प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने से महाराष्ट्र की विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थिति और मजबूत होगी।

शिंदे ने कहा कि मुंबई-पुणे और पुणे-हैदराबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा से राज्य को काफी बढ़ावा मिलेगा।

भाषा

राजकुमार दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में