दक्षिण मुंबई में गणेश मूर्ति को पंडाल ले जा रही शोभायात्रा पर अंडे फेंके गए, मामला दर्ज
दक्षिण मुंबई में गणेश मूर्ति को पंडाल ले जा रही शोभायात्रा पर अंडे फेंके गए, मामला दर्ज
मुंबई, 24 अगस्त (भाषा) दक्षिण मुंबई के माझगांव इलाके में गणेश मूर्ति को पंडाल तक ले जा रही शोभायात्रा पर अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर अंडे फेंके, जिसके बाद इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रविवार रात हुई इस घटना के संबंध में भायखला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर व दुर्भावनापूर्ण कृत्य) और धारा 196 (अलग-अलग समूहों के बीच दुश्मनी पैदा करना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
अधिकारी ने बताया कि माझगांवचा मोरया गणेशोत्सव मंडल की गणेश मूर्ति को पंडाल ले जाया जा रहा था, तभी कथित तौर पर कॉन्टिनेंटल हाइट्स इमारत से अंडे फेंके गए।
उन्होंने कहा कि एक अंडा कथित तौर पर मूर्ति पर जा गिरा, जिससे शोभायात्रा में शामिल लोग नाराज हो गए और वे कुछ देर के लिए ऊंची इमारत के बाहर इकट्ठा हो गए। इसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया।
इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, लेकिन बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती और पुलिस उपायुक्त जयंत मीणा के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि मामले में अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और जांच जारी है।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


