भारतीय फिल्म उद्योग की हस्तियों ने आशा भोसले के निधन पर शोक जताया

भारतीय फिल्म उद्योग की हस्तियों ने आशा भोसले के निधन पर शोक जताया

भारतीय फिल्म उद्योग की हस्तियों ने आशा भोसले के निधन पर शोक जताया
Modified Date: April 12, 2026 / 03:51 pm IST
Published Date: April 12, 2026 3:51 pm IST

मुंबई, 12 अप्रैल (भाषा) दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर फिल्म उद्योग से जुड़े कई लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में शरीर के कई अंगों के काम बंद करने के बाद भोसले का 92 वर्ष की आयु में रविवार को निधन हो गया।

अनुभवी अभिनेत्री-नेता हेमा मालिनी, अभिनेता अक्षय कुमार, फिल्मकार करण जौहर, अभिनेता जेआर एनटीआर और विक्की समेत कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दीं।

हेमा मालिनी ने कहा कि उनका भोसले के साथ गहरा भावनात्मक जुड़ाव था और इतनी जीवंत शख्सियत के चले जाने पर विश्वास करना मुश्किल है।

उन्होंने लिखा, ‘‘उनकी अनोखी आवाज़ और अंदाज़ ने मेरे कई गीतों को लोकप्रिय बनाया। मेरा लता मंगेशकर और आशा जी दोनों के साथ बेहद खास रिश्ता था, जिन्होंने फिल्म उद्योग में मेरे सफर में अहम योगदान दिया। यह महाराष्ट्र और पूरे भारत के लिए अपूरणीय क्षति है।’’

अक्षय कुमार ने लिखा, ‘‘आशा भोसले जी के निधन से जो क्षति हुई है, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उनकी सुरीली आवाज हमेशा अमर रहेगी। ओम शांति।’’

करण जौहर ने कहा कि उनकी आवाज बेमिसाल थी। उन्होंने कहा, ‘‘आपका संगीत हमेशा जीवित रहेगा और हम खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि हमने आपका जादू महसूस किया।’’

अभिनेत्री काजोल ने याद किया कि उन्होंने 19 साल की उम्र में आशा भोसले को रिकॉर्डिंग करते देखा था।

उन्होंने लिखा, ‘‘आशा ताई एक महान शख्सियत थीं, हैं और हमेशा रहेंगी…एक गायिका, एक व्यक्तित्व और एक इंसान के रूप में। उनकी जिंदगी, खाने और हास्य के प्रति प्रेम और सबसे बढ़कर उनकी गायकी अद्भुत थी… उन्हें वर्णित करने के लिए एक ही शब्द है- शानदार।’’

तेलुगु अभिनेता जूनियर एनटीआर ने कहा कि उनकी जादुई आवाज़ दशकों तक भारतीय सिनेमा की धड़कन रही।

उन्होंने कहा, ‘‘वह एक ऐसी विरासत छोड़ गई हैं, जो पीढ़ियों तक जीवित रहेगी।’’

अभिनेता विक्की कौशल ने लिखा, ‘‘आपकी धुनें, आपकी दयालुता और आपकी गर्मजोशी हमेशा जीवित रहेंगी।’’

अभिनेता मनोज बाजपेयी ने कहा कि वह उनकी आवाज़ सुनते हुए बड़े हुए हैं। बाजपेयी ने कहा, ‘‘उनकी आवाज़ में एक जादू था, जो सहजता से अनेक भावनाओं को व्यक्त कर सकती थी। उनका संगीत कालातीत है।’’

फिल्मकार जोया अख्तर ने उनकी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘अविस्मरणीय… आशा जी।’’

आठ दशकों से अधिक लंबे करियर में आशा भोसले अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने रोमांटिक गीतों से लेकर गजलों तक कई यादगार नगमे गाए। साथ ही कई ऐसे गीत भी गाए, जिन्होंने लोगों को थिरकने के लिए मजबूर कर दिया।

उनके लोकप्रिय गीतों में ‘अभी न जाओ छोड़ कर’, ‘इन आंखों की मस्ती’, ‘दिल चीज क्या है’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दुनिया में लोगों को’ और ‘जरा सा झूम लूं मैं’ जैसे गाने शामिल हैं।

महान गायिका दिवंगत लता मंगेशकर की छोटी बहन आशा भोसले के परिवार में उनका बेटा आनंद भोसले और पोती जनाई भोसले हैं।

उनका अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा।

भाषा गोला दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में